New District : मुलताई की उम्मीदों पर फिरा पानी, पांढुर्ना को बनाया जाएगा नया जिला

TODAY BETUL NEWS : बैतूल। लंबे समय से बैतूल जिले में मुलताई को जिला बनाने की मांग उठ रही थी। इस पर गुरुवार को पानी फिर गया है। एक बार फिर पड़ोसी छिंदवाड़ा जिले को यह सौगात मिल गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छिंदवाड़ा जिले की पांढुर्ना, सौंसर और नांदनवाड़ी को मिलाकर नया जिला पांढुर्ना बनाने की घोषणा कर दी है। बैतूल जिले के मुलताई में पिछले चुनाव के दौरान भी यह मुद्दा तेजी से उठा था कि मुलताई काे जिला बनाया जाए। इस मांग को सरकार ने रत्ती भर भी तवज्जो नहीं दी और पांढुर्ना को नया जिला बना दिया गया।

मुलताई को जिला बनाने की मांग को लेकर अब तक कई आंदोलन भी हो चुके हैं। मुख्यमंत्री सहित नेताओं को इसके लिए ज्ञापन भी सौंपे गए। मुलताई नगर पालिका, जनपद पंचायत ने मुलताई को जिला बनाने लिए बहुत पहले ही सर्वसम्मति से निर्णय और प्रस्ताव भी लिए हैं लेकिन इनको रद्दी की टोकरी में फेंक दिया गया।
मुलताई को जिला बनाने की मांग को लेकर भाजपा के ही नेताओं द्वारा गांव गांव में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। मुलताई ताप्ती नदी का उद्गम स्थल है, इसलिए देश में अलग पहचान है। मुख्य रेलवे ट्रैक पर स्थित होने के साथ ही व्यापारिक दृष्टि में भी उपयुक्त है इस वजह से मुलताई को जिला बनाया जाना था। अब मुख्यमंत्री की घोषणा हो जाने से मुलताई को जिला बनाने की संभावना खत्म जैसी हो गई है। जनता के बीच मांग को पूरा न होने को लेकर नाराजगी चुनाव में किसे कितना प्रभावित करेगी यह तो आने वाले दिनों में सामने आएगा।




