Children gave the message of environmental protection and cleanliness: चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश
शासकीय शाला सोहागपुर में ग्रीन आर्मी युवा मंडल ने किया प्रतियोगिता का आयोजन

बैतूल। ग्रीन आर्मी युवा मंडल के तत्वावधान में शासकीय शाला सोहागपुर में बच्चों के लिए चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में गांव के अनेक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और समाज सेवा जैसे विषयों पर सुंदर संदेश प्रस्तुत किए। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कई ऐसे बच्चों ने भी भाग लिया, जिन्होंने पहले कभी किसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया था, लेकिन आज उन्होंने बहुत सुंदर-सुंदर चित्र बनाकर सभी को प्रभावित किया।ग्रीन आर्मी युवा मंडल के अध्यक्ष गजेन्द्र पवार ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे आयोजन आत्मविश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाते हैं। ग्रीन आर्मी का उद्देश्य हर बच्चे की प्रतिभा को पहचानना और उसे आगे बढ़ने का अवसर देना है। इस अवसर पर ग्रीन आर्मी युवा मंडल के सदस्य नेहा पवार, नैतिक राठौर, नंदिनी नामदेव, जीतेश मालवीय, संजय पंडाग्रे, प्रतीक्षा जांगड़े, अखलेश खड़िया, पायल मोहरे, अनिकेत परिहार, अमन पवार, विशाखा थोटेकर और अथर्व सोनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन के सदस्यों द्वारा किया गया तथा अंत में विजेता बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।




