जनता को भाजपा की रीति-नीति से अवगत कराकर सकारात्मक माहौल बनाएं: सुधाकर पवार।

बैतूल। गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में कोठी बाजार एवं गंज मंडल की संयुक्त मासिक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने सर्वप्रथम कार्यकर्ताओं को बंगाल में मिली जीत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह शीर्ष नेतृत्व ने बंगाल में अपना परचम लहराया है, ठीक उसी तरह हमें भी स्थानीय स्तर पर सक्रिय रहना होगा। श्री पवार ने जोर देकर कहा कि आम जनता और मतदाताओं को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराकर भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाना वर्तमान समय की मुख्य आवश्यकता है।
आगामी चुनावों की तैयारी का आह्वान
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को भविष्य की चुनौतियों प्रति सजग करते हुए कहा कि आगामी वर्षों में पंचायत, निकाय और विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए कार्यकर्ता अभी से चुनावी मोड में आ जाएं। लगातार बैठकें आयोजित करें और शासन द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाए।
– सोशल मीडिया पर दे मर्यादा से जवाब
कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर भाजपा की कार्यशैली पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब पूरी मर्यादा के साथ दें। अपनी बात को तथ्यपूर्ण और शालीन तरीके से रखें ताकि पार्टी का पक्ष मजबूत हो।
श्री पवार ने संगठन की आंतरिक मजबूती पर भी ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी छोटे कार्यकर्ता का काम नहीं हो पा रहा है, तो वरिष्ठों को उसका विशेष ध्यान रखना चाहिए। साथ ही, उन्होंने निकाय स्तर पर जनप्रतिनिधियों को नसीहत दी कि यदि कार्यप्रणाली में कोई चूक हो रही है, तो उसे तत्काल सुधारें। जनता ने पिछले चुनाव में जो विश्वास जताया था, उसे आगामी चुनावों में भी कायम रखना हमारी जिम्मेदारी है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष रश्मि साहू ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के कार्यकर्ताओं ने जी-जान से मेहनत कर पार्टी को स्थापित किया है। हमें भी मध्य प्रदेश और स्थानीय निकायों में पार्टी की जड़ों को और मजबूत करने की आवश्यकता है। इस संयुक्त बैठक में मुख्य रूप से विकास मिश्रा अध्यक्ष, गंज मंडल, विक्रम वैद्य अध्यक्ष, कोठी बाजार मंडल महेश राठौर उपाध्यक्ष, नगरपालिका सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




