बेटी का जन्मदिन बना जीवनदान का पर्व, 71 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

पिता के जज्बे ने जीता दिल, जिंदादिल रक्तदाता इस अभियान को बनाते हैं सफल


विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, समाजसेवी सहित कई जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

बैतूल। भोर भजन की पंक्ति तो साँझ आरती गीत…
गायत्री मंत्र के जाप सी बेटी परम् पुनीत…
किसी कवि की ये पंक्तियां बेटियों से जुड़ी शुभता को दर्शाती हैं, और जब बात किसी पिता की बेटी के प्रति प्रेम और संवेदना की हो, तो यह भाव कई गुना बढ़ जाते हैं। आमला के प्रतिष्ठित व्यवसायी और समाजसेवी राजा राठौर हर वर्ष अपनी बेटी मिशिका राठौर के जन्मदिन को खास और अर्थपूर्ण बनाने के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रविवार, 5 अक्टूबर को भी उन्होंने बेटी मिशिका के जन्मदिन पर सिविल हॉस्पिटल आमला में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया, जिसमें कुल 71 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
राजा राठौर ने बताया कि मेरी इच्छा रहती है कि मेरी बेटी के जन्मदिन के दिन ऐसे कार्य हों जिससे किसी को जीवन मिले। पिछले कई वर्षों से मैं इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा हूं और हर बार जनसेवा कल्याण समिति व शहर के जिंदादिल रक्तदाता इस अभियान को सफल बनाते हैं।
जनसेवा कल्याण समिति के राहुल धेण्डे और सागर चौहान ने बताया कि थैलीसीमिया, सिकलसेल जैसी बीमारियों और दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को रक्त की निरंतर आवश्यकता रहती है, और ऐसे में जन्मदिन जैसे विशेष अवसर पर रक्तदान करना एक प्रेरणादायक पहल है।
समिति के अमित यादव और नितिन ठाकुर ने कहा कि आमला अब रक्तदान के गढ़ के रूप में उभर रहा है। पहले जहां शहर में गिने-चुने रक्तदान शिविर आयोजित होते थे, अब वहीं हर माह कई संगठन इस दिशा में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि “युवा, महिलाएं और हर वर्ग में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ी है, यही सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है।
– रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने पहुंचे विधायक
समिति के शुभम खतरकर और अनिल सोनपुरे ने बताया कि हाल ही में नवरात्रि के उपवास समाप्त हुए हैं, फिर भी रक्तदाताओं में उत्साह कम नहीं था। आयोजन के दौरान विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, समाजसेवी मनोज मालवे सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक समितियों के सदस्य रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने पहुंचे।।ब्लड बैंक अधिकारी अंकिता सीते, बैतूल ब्लड बैंक टीम के राजेश बोड़कड़े, मूरतलाल उइके, निलेश जावलकर तथा आमला हॉस्पिटल से लखन सिंह और राजू मानकर ने आयोजन में सहयोग दिया। अतिथियों एवं सभी रक्तदाताओं ने इस अवसर पर मिशिका राठौर को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजू मदान, अभिषेक टिकारे, वैभव देशमुख, गोल्डी भाटिया, शौर्य सोनी, वंश सोनी, बंटी प्रजापति, अजय नायडू, नीरज बारसकर, रामानंद बेले और डॉ. शिशिरकांत गुगनानी का विशेष योगदान रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button