दतिया में कांग्रेस की जीत से उत्साहित सेवा दल कार्यकर्ताओं ने बैतूल में फोड़े पटाखे, बांटी मिठाईयां

बैतूल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की छह हजार से अधिक मतों के अंतर से हुई जीत के बाद बैतूल में कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक विजय उत्सव मनाया। कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष अनुराग मिश्रा के नेतृत्व में गंज क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और नारेबाजी करते हुए जीत की खुशी साझा की। कार्यकर्ताओं ने इसे प्रदेश की राजनीति में बदलाव की शुरुआत बताते हुए आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक संकेत करार दिया।
विजय उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कांग्रेस प्रत्याशी की जीत को जनता के विश्वास और जनहित के मुद्दों की जीत बताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि दतिया की जनता ने विकास, जवाबदेही और जनसरोकारों के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है।
इस अवसर पर कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष अनुराग मिश्रा ने कहा कि दतिया का परिणाम एक विधानसभा सीट की जीत नहीं, पूरे प्रदेश की राजनीति में परिवर्तन का संदेश है। उन्होंने कहा कि जनता अब महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाब चाहती है। दतिया के मतदाताओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है और जनभावनाओं की अनदेखी लंबे समय तक नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मनोबल को नई ऊर्जा देने वाली है। अब संगठन गांव-गांव और बूथ स्तर तक और अधिक मजबूती के साथ काम करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में कांग्रेस के प्रति लगातार बढ़ रहा जनसमर्थन आने वाले चुनावों में और अधिक मजबूती के साथ दिखाई देगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र में कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष जितेंद्र (गोलू) सोनी, शैलेंद्र गुप्ता, पंकज वर्मा, दिनेश नागले, प्रकाश सिकरवार, राशिद खान, अंबरदीप बुनकर, अनुज मिश्रा, आशीष मालवीय, मनोज, प्रकाश निरापुरे, शुभम जैन, मन्ने आठणकर, शेख इस्माइल, पिंटू मानकर, जफर चाचा, शेख रहमान, चंदन महाराज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




