152 बार रक्तदान करने वाले सतीश पारख प्रतिभा अलंकरण समारोह में सम्मानित।

बैतूल। सामाजिक सरोकारों और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सतीश पारख को सांझवीर टाइम्स द्वारा आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह में सम्मानित किया गया। 152 बार रक्तदान कर चुके सतीश पारख ने कोरोना काल में भी अपनी जान की परवाह किए बिना जरूरतमंद लोगों की मदद की थी।
कोरोना महामारी के कठिन दौर में जब लोग घरों में रहने को मजबूर थे, उस समय सतीश पारख ने जरूरतमंद मरीजों तक आवश्यक सहयोग पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कई परिवारों को संकट की घड़ी में सहारा दिया।
सांझवीर टाइम्स के प्रतिभा अलंकरण समारोह में उनकी इसी निस्वार्थ सेवा भावना को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। सतीश पारख की सेवा भावना को क्षेत्र में मानवता की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।




