प्राचीन श्री माता मंदिर में तृतीय स्थापना महोत्सव धूमधाम से मनाया, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
महाकाल की झांकी, कन्या पूजन और भजन संध्या से भक्तिमय हुआ शंकर नगर, रात 12 बजे तक चला आयोजन

बैतूल। प्राचीन श्री माता मंदिर शंकर नगर में 11 फरवरी दिन बुधवार को तृतीय स्थापना महोत्सव विधिवत पूजन-अर्चन के साथ भव्य रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान के विशेष श्रृंगार से हुई। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया और महाकाल की झांकी के स्वरूप में शिवलिंग का विशेष श्रृंगार चंद्रशेखर साहू एवं गौरव मालवीय परिवार की ओर से किया गया। इसके पश्चात भगवान की आरती उतारी गई।
शाम 6 बजे विधिवत कन्या पूजन कर कन्याओं को भेंट प्रदान की गई और भंडारे की शुरुआत की गई। आयोजन के दौरान योगु शर्मा, पप्पू शर्मा टीम द्वारा सुंदर भजन संध्या का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। सुंदरकांड का पाठ एवं भक्तिमय भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सैकड़ों भक्तों ने सामूहिक रूप से भगवान की आरती उतारी।
आयोजन में लगभग 7 से 8 हजार लोगों ने भंडारे की प्रसादी ग्रहण की। पूरा कार्यक्रम रात्रि 12 बजे तक श्रद्धा और उत्साह के साथ चलता रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष डब्बू तलेड़ा ने धर्मकार्य में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं एवं सहयोगी भक्तजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। युवा समिति के सदस्यों एवं समिति के सभी वरिष्ठ सदस्यों ने आयोजन में विशेष योगदान दिया।




