allegations of harassment: 85 वर्षीय वृद्धा ने राजस्व विभाग मुलताई के खिलाफ लगाए प्रताड़ना के आरोप
अवैध कब्जा करने का मामला, कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचकर की शिकायत

बैतूल। गर्ग कॉलोनी निवासी 85 वर्षीय वृद्धा ने राजस्व विभाग मुलताई के खिलाफ प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए है। कलेक्टर जनसुनवाई में राजस्व विभाग द्वारा उन्हें गुमराह और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
शिकायतकर्ता जयवंती पति जगन्नाथ वाईकर ने बताया कि उन्होंने अपने स्वामित्व वाले प्लाट, खसरा नं. 176/75, प.ह.न. 26, का एक हिस्सा दो खरीदारों, नेमी चौरे और रंजना पंवार को 30 जून 2023 को विक्रय किया था। रजिस्ट्री के समय दोनों क्रेताओं ने आधी राशि का भुगतान किया और शेष राशि चैक में देने की बात कही थी।
जयवंती ने बताया कि विक्रित प्लाट पर अनावेदक नरेश जैसवाल और रामाधार मोहबे ने पोल गाड़ कर कब्जा कर लिया। इस वजह से खरीदारों ने कहा कि जब तक उन्हें कब्जा नहीं मिलेगा, वे शेष राशि का भुगतान नहीं करेंगे। इस स्थिति से परेशान होकर जयवंती ने मुलताई अजाक और बैतूल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और राजस्व विभाग मुलताई में भी आवेदन दिया।
— राजस्व विभाग कर रहा गुमराह–
जयवंती ने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग मुलताई के आर.आई. पन्द्राम ने उन्हें गुमराह करते हुए कहा कि इस भूमि पर अनावेदकों का नाम शामिल में दर्ज है। हालांकि, जयवंती ने ऑनलाईन खसरे की सत्यापित प्रति निकलवाई, जिसमें उनका नाम दर्ज है और किसी भी अनावेदक का नाम नहीं है।
— पिछले एक वर्ष से प्रताड़ना का शिकार हो रही वृद्धा–
जयवंती ने बताया कि वे 85 वर्षीय वृद्ध बीमार और विधवा हैं। पिछले एक वर्ष से प्रताड़ना का शिकार हो रही हैं। उन्हें गुमराह कर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। कलेक्टर जनसुनवाई में उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उनके साथ न्याय किया जाए और उन्हें उनका अधिकार वापस दिलाया जाए। जयवंती ने आवेदन की छायाप्रति, राजस्व विभाग में दिए गए आवेदन की छायाप्रति प्रस्तुत की। कलेक्टर जनसुनवाई में उन्होंने अपने मामले की विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उचित कार्रवाई की मांग की।




