People’s Campaign Council: नर सेवा ही नारायण सेवा मानवता का मुख्य ध्येय: मधु चौहान,

युवा दिवस पर जन अभियान परिषद ने आयोजित किए विभिन्न कार्यक्रम

बैतूल। मध्य प्रदेश जनअभियान परिषद विकासखंड आठनेर के निर्देशन में चलने वाली मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम की कक्षाओं में राष्ट्रीय युवा दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य एवं नवांकुर संस्था बोरपानी के अध्यक्ष राजू सलाम द्वारा की गई। विकासखंड समन्वयक जन अभियान परिषद आठनेर मधु चौहान ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का नाम इतिहास में एक ऐसे महान व्यक्ति के रूप में दर्ज है, जिन्होंने मानवता की सेवा को अपना सर्वोपरि धर्म माना। स्वामीजी की सीख नर सेवा ही नारायण सेवा मानवता मुख्य ध्येय होना चाहिए। स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो में धर्मसभा के दौरान अपने धाराप्रवाह उद्बोधन से हिंदू धर्म को धर्म ध्वजा को पूरे विश्व में लहराया। अंतरराष्ट्रीय स्तर सम्मान दिलाया।उनके विचारों को पूरे विश्व में सम्मान मिला। नवांकुर संस्था सावंगी के अध्यक्ष दिनेश माकोड़े ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती को भारत सरकार ने राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में घोषित किया है, इसका उद्देश्य युवाओं का मार्गदर्शन करना और युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र सेवा की भावना को जागृत करना है। परामर्शदाता गोवर्धन राने ने बताया कि साल 2025 में राष्ट्रीय युवा दिवस का मुख्य विषय ‘राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण’ है। यह थीम युवाओं को देश के विकास में एक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है। इस वर्ष की थीम ‘युवा एक स्थायी भविष्य के लिए लचीलेपन और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र को आकार देना’ भी है। सामाजिक कार्य में स्नातक और स्नातकोत्तर की कक्षाओ में मुख्य रूप से तत्काल प्रश्नोत्तरी, भाषण,चित्रकला एवं गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिसमें विजेताओं को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन विवेकानंदजी के आदर्शों पर चलने एवं उसके विचारों को अपनाने के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लीड नवांकुर नगर विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष कैलाश आजाद, नवांकुर संस्था बरखेड़ के अध्यक्ष देवीदास गावंडे,युवा आस्था सेवा समिति हिवरा से माधवराव सातपुते, परामर्शदाता सतीश ठाकरे, रूपाली पांसे सहित बड़ी संख्या में सीएमसी एलडीपी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता आशुतोष सिंह चौहान एवं आभार प्रदर्शन दिनेश साकरे द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button