प्रकृति जरूरतें पूरी करती है, लालच नहीं: गोवर्धन राने।
युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी: रितु चौबे। विश्व पर्यावरण दिवस पर छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प।

आठनेर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आठनेर स्थित पंडित द्वारिकादास विज्ञान महाविद्यालय में इको यूथ महिला मंडल के तत्वावधान में पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रितु चौबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

प्राचार्य डॉ. रितु चौबे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है और युवा पीढ़ी को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। वहीं गोवर्धन राने ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और भविष्य के भारत व विश्व के निर्माण की जिम्मेदारी उसी के हाथों में है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी युवाओं को समझनी होगी। प्रकृति केवल हमारी आवश्यकताओं की पूर्ति करती है, लालच की नहीं। यदि आज पर्यावरण की रक्षा की जाएगी तो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ पृथ्वी मिल सकेगी।

कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया तथा महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री मधुसूदन अमरूते, उपाध्यक्ष महेश लहरपुरे, समाजसेवी गोलू प्रवीण चढ़ोकार, सुनील चढ़ोकार, माधोराव सातपुते, कविता कापसे, मनीषा चढ़ोकार, रेखा बोहरपी, दीपिका जितपुरे, रश्मि साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।





