नपा ने जल गंगा अभियान के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर लगाए प्याऊ।

बस स्टैंड सहित मीडिया सेंटर, कलेक्टर कार्यालय एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए प्याऊ ।

बैतूल। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा रविवार 5 अप्रैल को नगर के विभिन्न स्थलों पर शीतल जल के प्याऊ का शुभारंभ किया गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। नगर के प्रमुख आवागमन स्थलों पर लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए नगरपालिका ने यह व्यवस्था शुरू की है।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडेय ने बताया कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। पहले चरण में कुछ प्रमुख स्थानों पर प्याऊ शुरू किए गए हैं, वहीं जल्द ही नगर के अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

– शहर के प्रमुख स्थानों पर बढ़ेगी सुविधा

सीएमओ ने जानकारी दी कि नगर के बस स्टैंड, कलेक्टर कार्यालय, मीडिया सेंटर पर प्याऊ का शुभारंभ किया गया। जल्द ही नेहरू पार्क, गंज बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी शीघ्र ही प्याऊ लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है, जिससे यहां प्याऊ की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस पहल से यात्रियों, मजदूरों और आम नागरिकों को गर्मी में राहत मिलेगी।

नगरपालिका द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी प्याऊ स्थलों पर स्वच्छता और नियमित जल आपूर्ति बनी रहे। इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि पानी की गुणवत्ता और साफ-सफाई में किसी प्रकार की कमी न रहे।

– जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष जोर

गौरतलब है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर में लगातार जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण का कार्य भी किया जा रहा है। पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और उनकी उपयोगिता बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत तालाब, कुएं और बावड़ियों की साफ-सफाई कर उन्हें उपयोग योग्य बनाया जा रहा है।

नगरपालिका अधिकारी का कहना है कि जल संकट से निपटने के लिए केवल अस्थायी उपाय पर्याप्त नहीं हैं, दीर्घकालीन समाधान के रूप में जल संरक्षण जरूरी है। इसी सोच के साथ पारंपरिक स्रोतों को बचाने और उन्हें पुनर्जीवित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

– रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए जागरूकता अभियान

इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा विभिन्न वार्डों में मिशन मोड पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। घर-घर संपर्क कर लोगों को वर्षा जल संग्रहण के महत्व के बारे में बताया जा रहा है, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति से बचा जा सके।

अभियान के तहत नागरिकों को अपने घरों और संस्थानों में वर्षा जल संचयन प्रणाली लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जनभागीदारी के बिना जल संरक्षण संभव नहीं है, इसलिए लोगों को इस मुहिम से जोड़ना प्राथमिकता है। नगर पालिका का यह प्रयास शहर में जल प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button