Betul news: मातृशक्ति जागरण मंच ने भव्य रूप में मनाया योग दिवस

दैनिक दिनचर्या, ऋतुचार्य और रोगानुसार योग की महत्ता को समझाया और योगाभ्यास कराया

Betul news:बैतूल। मातृशक्ति जागरण मंच जिला बैतूल की बहनों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में योग शिक्षिका श्रीमती कविता साहू और जिला सह संयोजिका श्रीमती साक्षी शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।

कार्यक्रम की शुरुआत में बैतूल जिला संयोजिका श्रीमती कविता साहू ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की गरिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत भूमि योग की जननी है। योग 5000 वर्ष पूर्व ऋषि पतंजलि द्वारा प्रदत्त एक अमूल्य उपहार है, जिससे अनेकों असाध्य रोगों का उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि, योग एक ऐसा प्रकाश है जो एक बार प्रज्वलित होने के बाद कभी मंद नहीं होता। आपका अभ्यास जितना अच्छा होगा, ज्योति उतनी ही तेज होगी। उन्होंने दैनिक दिनचर्या, ऋतुचार्य और रोगानुसार योग की महत्ता को समझाया और योगाभ्यास कराया।

स्वस्थ शरीर में बसता है स्वस्थ मन

इस अवसर पर मातृशक्ति जागरण मंच नर्मदा पुरम विभाग संयोजिका श्रीमती वंदना कुंभारे दीदी ने कहा, स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन और मस्तिष्क बसता है। अतः स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र के लिए योग जरूरी है। जैसे दैनिक जीवन में भोजन की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार योग की भी आवश्यकता है। तभी हम स्वस्थ और समृद्ध समाज के साथ समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर पाएंगे।

महिलाओं की रही व्यापक भागीदारी

इस आयोजन में मातृशक्ति जागरण मंच के विभिन्न आयामों – ग्रहणी आयाम, तरुणी आयाम, किशोरी आयाम और अधिवक्ता श्रेणी की प्रमुख बहनों के साथ अन्य समाज संगठनों की बहनों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में कुल 54 बहनों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस योग दिवस को सफल बनाया।

इस कार्यक्रम ने सभी प्रतिभागियों को योग की महत्ता और उसकी अनिवार्यता को समझने और अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहाँ सभी ने नियमित योग अभ्यास का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button