Mp News : सीएम डा मोहन यादव का सख्त रूप आया सामने, बाले-पटवारियों के आगे-पीछे घूमने की जरूरत नहीं
-भूमि की रजिस्ट्री होने के बाद पटवारी को उसका नामांतरण करना पड़ेगा, पटवारी लापरवाही करेगा तो कलेक्टर पर भी कार्रवाई करूंगा

MP CM News : मध्यप्रदेश के मुखिया डा मोहन यादव का सख्त रूप मंगलवार को पांढुर्णा जिले में दिखाई दे गया। उन्होंने आम जनता को परेशान करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी दे दी है। मुख्यमंत्री के इन तीखे तेवरों से स्पष्ट हो गया है कि सूबे में नई सरकार के कामकाज के तौर-तरीकों में आमूल-चूल बदलाव आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा।
देखें वीडियो..
मुख्यमंत्री ने जन संवाद के दौरान कहा कि भोपाल से चल कर आपके बीच आया हूं और यह एक शुरुआत है। हम आगे भी ऐसे ही आपके बीच लगातार आते रहेंगे। ‘जन संवाद’ का यह सिलसिला निरंतर चलता रहेगा। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि हमने कई निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मैं आपके बीच में दो-चार काम की बातें बताता हूं। हमने यदि जमीन खरीदी है और उसकी रजिस्ट्री हो गई है तो पटवारी के आगे-पीछे घूमने की जरूरत नही है। जैसे हमने दस्तावेज का पंजीयन कराया वैसे ही पटवारी को उसका नामांतरण करना ही पड़ेगा। यह उसकी अपनी जरूरत है।और काेई इस मामले में गलती करेगा, पटवारी लापरवाही करेगा तो कलेक्टर साहब आप भी ध्यान रखना आप पर भी कार्रवाई करूंगा और जो संबंधित है उस पर भी कार्रवाई करूंगा।किसी को छोड़ने वाला नही हूं।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि सरकारी अधिकारियों का काम है वो कितने बड़े अधिकारी हों, मुस्तैदी से काम करें। जो-जो सरकार ने निर्देश दिए हैं प्रत्येक निर्देश का सख्ती के साथ पालन कराना हम सबका दायित्व बनता है। संवेदनशीलता के साथ जनता के काम करें, अधिकारियों और कर्मचारियों को छूट नही है उनकी लापरवाही बर्दाश्त नही है।
कोई योजना नहीं रोकी जाएगी:
मुख्यमंत्री बनने के बाद मंगलवार को पहली बार सीएम मोहन यादव ने पांढुर्ना के ग्राम पाठई पहुंचने पर मीडिया से चर्चा में स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा चलाई जा रही सभी योजना का बेहतर क्रियान्वयन होगा हम किसी भी तरह की कोई योजना को नहीं रोकेंगे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को जमीनी धरातल पर बेहतर तरीके से क्रियान्वयन करने का हम प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पांढुर्ना को लेकर कहा कि हमारा सबसे छोटा जिला पांढुर्णा बना है जिसमें नए सिरे से अब जमावट करना है, जनता के बीच में जाकर उनकी कठिनाई को समझने का हम प्रयास कर रहे हैं ताकि भविष्य में कोई समस्या न हो।




