नशा नाश की जड़, युवा नशे से दूर रहें: मधु चौहान।
नशे के खिलाफ जागरूकता संगोष्ठी में स्वस्थ समाज निर्माण का लिया संकल्प।

आठनेर। अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय आठनेर में नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया तथा उपस्थित सभी लोगों ने अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड आठनेर की विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन धीरे-धीरे व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को खोखला कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा ही नाश की जड़ है।
आठनेर नगर मंडल अध्यक्ष एवं परामर्शदाता गोवर्धन राने ने कहा कि नशे की लत से कैंसर, हृदय एवं फेफड़ों के रोग, मानसिक तनाव, अवसाद जैसी गंभीर बीमारियां जन्म लेती हैं। इसके साथ ही पारिवारिक कलह, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं, अपराध, बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और सामाजिक प्रतिष्ठा में गिरावट जैसी समस्याएं भी नशे का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि लोग अपने ही पैसे से बीमारियां खरीद रहे हैं और युवाओं को क्षणिक आनंद के लिए नशे की आदत से बचते हुए धर्म, संस्कृति, समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष सिंह चौहान ने कहा कि नशे की रोकथाम केवल कानून से संभव नहीं है। इसके लिए परिवार, विद्यालय, सामाजिक संस्थाओं और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे, तो स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा न करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरण अभियान चलाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य राजू सलामें, बरखेड़ पंचायत की सरपंच निशा धुर्वे, पार्षद पूनम चढ़ोकार, परामर्शदाता दिनेश साकरे, दीपाली पातुलकर, राधिका बारपेटे, अंकित सातपुते सहित बड़ी संख्या में सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें और स्वस्थ युवा, सशक्त भारत के प्रेरक संदेश के साथ हुआ।




