संगठन के लिए जिए, संगठन के लिए चले…पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचरण साहू पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से दी विदाई

संगठन के लिए जिए, संगठन के लिए चले…पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचरण साहू पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से दी विदाई
– आखरी सांस तक करते रहे पेंशनर्स की सेवा
पाढर अस्पताल में ली अंतिम सांस, गेंदा चौक से निकली अंतिम यात्रा, गंज मोक्षधाम में हुआ अंतिम संस्कार
– केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके पहुंचे श्रद्धांजलि देने, जिलेभर के पेंशनर्स ने दी अंतिम विदाई
बैतूल। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन बैतूल के अध्यक्ष रामचरण साहू ने गुरुवार 29 मई की रात 7:30 बजे पाढर अस्पताल में अंतिम सांस ली। शुक्रवार 30 मई को सुबह 12:30 बजे उनके निवास स्थान गेंदा चौक सदर से गंज मोक्षधाम तक अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान जिलेभर के पेंशनर्स, सामाजिक कार्यकर्ता और परिवारजन उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके भी उनके निज निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्व. रामचरण साहू 75 वर्ष के थे और अपने जीवन के अंतिम समय तक पेंशनर्स की सेवा में जुटे रहे। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा ऐसी थी कि उन्होंने करीब 400 से अधिक पेंशनर्स की जटिल समस्याओं का समाधान संगठन के माध्यम से कराया। वे लगातार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाते रहे और पूरे जिले में पेंशनर्स के बीच उनका गहरा विश्वास था।
रामचरण साहू का व्यवहार ऐसा था कि वे पेंशनर्स की समस्याओं को वे स्वयं की समस्या समझते थे और बिना किसी स्वार्थ के भोपाल तक जाकर अधिकारियों से मिलकर समाधान करवाते थे। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार 27 मई तक वे सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे और पेंशनर्स के मुद्दों को लेकर प्रयासरत थे।
प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश जिला शाखा बैतूल सहित समस्त तहसील शाखाओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी ने उन्हें संगठन का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक खलती रहेगी। अंतिम विदाई के समय हर आंख नम थी और हर चेहरा भावुक। रामचरण साहू ने एक आदर्श नेतृत्व प्रस्तुत किया और पेंशनर्स की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाया। उनके जाने से एक सेवाभावी व्यक्तित्व को समाज ने खो दिया है।




