रानीपुर आश्रम में होगा जीवनशैली सुधार शिविर।

बैतूल। आधुनिक जीवनशैली से उपजे तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच लोगों को प्राकृतिक एवं संतुलित जीवन पद्धति से जोड़ने के उद्देश्य से रानीपुर स्थित परम तपस्वी संत श्री श्री 1008 निकूदास जी महाराज ध्यान एवं साधना केंद्र में 11 जुलाई से तीन दिवसीय योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं आध्यात्मिक शिविर का आयोजन किया जाएगा। गौ ग्राम संस्कृति संरक्षण समिति (जीजीएसएस) के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर मनःशांति एवं शरीर शुद्धि विषय पर केंद्रित रहेगा।
आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व से परिचित कराना, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना तथा आध्यात्मिक वातावरण में मानसिक शांति, आत्मचिंतन और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने का अवसर प्रदान करना है।
तीन दिवसीय शिविर के दौरान योग, प्राणायाम, ध्यान, यज्ञ चिकित्सा, योगिक शुद्धि क्रियाएं (शटकर्म), व्हीटग्रास जूस, फलाहार, प्राकृतिक चिकित्सा उपचार, आत्मचिंतन सत्र तथा सात्त्विक आश्रम जीवन का अनुभव कराया जाएगा। शिविर के समापन दिवस पर प्रतिभागियों को मध्यप्रदेश के प्रथम पुलिस म्यूजियम, रानीपुर का विशेष शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाएगा।
शिविर का मार्गदर्शन बीएनवाईएस, प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ, लेखक एवं स्वास्थ्य शिक्षाविद् डॉ. नवीन वागद्रे करेंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में केवल 10 लोगों के लिए ही स्थान निर्धारित किया गया है। शिविर शुल्क 3 हजार रुपये रखा गया है। इच्छुक प्रतिभागी मोबाइल नंबर 6266850673 पर संपर्क कर अपना पंजीयन सुनिश्चित कर सकते हैं।




