लाडो फाउंडेशन ने विधायक से की स्कूलों में रोज स्वच्छता शपथ और मध्यप्रदेश गान की मांग।

बैतूल। लाडो फाउंडेशन ने जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में प्रतिदिन स्वच्छता की शपथ एवं मध्यप्रदेश गान को अनिवार्य किए जाने की मांग प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल से की है। फाउंडेशन का कहना है कि इससे बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वच्छता को लेकर व्यवहारिक बदलाव देखने को मिलेगा।
फाउंडेशन द्वारा वर्तमान में बेटी के नाम घर की पहचान अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत अभियान का संदेश नेम प्लेट के जरिए घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।
इसी क्रम में लाडो फाउंडेशन की टीम ने स्वच्छता की पाठशाला अभियान के तहत विद्यालयों में पहुंचकर प्रभात फेरी और स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए। इन आयोजनों में बच्चों में स्वच्छता के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
लाडो फाउंडेशन के संस्थापक अनिल यादव ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 को देखते हुए यह पहल और अधिक जरूरी हो गई है। यदि विद्यालयों में प्रतिदिन स्वच्छता की शपथ और मध्यप्रदेश गान कराया जाए तो बच्चों के माध्यम से आमजन तक भी स्वच्छता का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि विधायक हेमंत खंडेलवाल ने इस मांग को संज्ञान में लिया है। फाउंडेशन को उम्मीद है कि इस दिशा में सकारात्मक पहल होने पर जिले में स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी।




