Betul Weather: शाम होते ही शहर ने ओढ़ी कोहरे की चादर, वाहनों की रफ्तार धीमी हुई

Betul Weather News: बैतूल। जिले में बुधवार से ठंड के तेवर बेहद तीखे हो गए हैं। सुबह देर तक कोहरा छाया रहता था लेकिन बुधवार शाम होते ही शहर ने कोहरे की चादर ओढ़ ली।
जैसे जैसे रात गहरा रही थी वैसे वैसे कोहरा भी जमता नजर आने लगा था। रात 10 बजे तो यह हालत हो गई थी कि वाहन चालकों को पांच फीट से अधिक दूर कुछ नजर नहीं आ रहा था। वाहनों को बेहद धीमी गति से चलाने के लिए लोग विवश हो रहे थे।

हजारे डिजिटल के प्रोप्राइटर रानू हजारे ने बताया कि कोठीबाजार में कमानी गेट भी कोहरे के कारण नजर नहीं आ रहा था। जब बेहद पास आए तब कमानी गेट और लोग नजर आए। यही हाल कोठी बाजार के लल्ली चौक का भी था।

बुधवार को शाम सात बजे ही कोहरा शहर की सड़कों पर उतर आया था। सुबह भी घना कोहरा रहा। हवा की रफ्तार मंद पड़ जाने और तापमान में गिरावट के चलते वातावरण में व्याप्त नमी कोहरे में परिवर्तित हो गई।कोहरे के चलते बाजार में सन्नाटा पसर गया, सड़कों पर वाहनों की लाइटें टिमटिमा रही थीं और उड़ता हुआ कोहरा नजर आ रहा था।हाईवे और ग्रामीण इलाकों में कोहरे के कारण वाहन धीमी गति चलते नजर आए। रात के वक्त घना कोहरा छाया रहने से सुबह भी कोहरे की चादर छाई रहने की संभावना है।




