MLA Hemant Khandelwal created the city’s development model: विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बनाया शहर का विकास मॉडल

अब व्यापारियों को जल्द मिलेगी राहत, वर्षों पुरानी समस्याओं का होगा स्थायी समाधान

बैतूल। शहर के छोटे व्यापारियों को अब वर्षों की चिंता से राहत मिलने जा रही है। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने खुद मैदान में उतरकर नगर विकास की बुनियादी योजना पर काम शुरू कर दिया है। व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद मौके पर निरीक्षण कर स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी पहल की गई है।

 विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार 24 जून को नगरपालिका सभा कक्ष में व्यापारियों के साथ बैठक कर ठोस निर्णय लिए। इस बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई, बारस्कर, सभापति तरुण ठाकरे सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में सबसे पहले 85 ऐसे दुकानदारों की समस्या पर चर्चा हुई, जिनसे 15 वर्ष पूर्व नगरपालिका द्वारा दुकानें आवंटित करने के लिए राशि ली गई थी। विधायक हेमंत खंडेलवाल के हस्तक्षेप पर यह तय किया गया कि इन सभी व्यापारियों को फूटातालाब, कोठी बाजार के पीछे 8 बाय 10 की अस्थाई गुमठी दी जाएगी। यही नहीं, विधायक और नगरपालिका अध्यक्ष सहित नगर पालिका के अधिकारियों ने स्वयं स्थल पर जाकर मौका मुआयना किया और तय किया कि सभी दुकानदारों की एक समान गुमठियां बनेंगी, और व्यवसाय के अनुसार ग्रुप में व्यवस्थित किया जाएगा तथा स्थल पर पूर्व प्रस्तावित काम्प्लेक्स का शीघ्र टेंडर लगाने के निर्देश दिए गए ताकि इन दुकानदारों का व्यवस्थापन किया जा सके

बैठक में सीजनल व्यवसाय करने वाले मूर्तिकारों की समस्या भी सामने आई जो गणेश जी एवं दुर्गा जी की प्रतिमाये बनाते है। उन्हें भी फूटातालाब के पीछे नाले के किनारे 15 बाय 15 की जगह आवंटित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद विधायक कारगिल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने अनियमित रूप से लगी दुकानों को हटाकर नेहरू पार्क से पीआईयू कार्यालय होते हुए शिव मंदिर तक नई योजना के तहत 8 बाय 8 की अस्थाई कांक्रीट पैनल की पार्टीशन दुकानें आवंटित करने की कार्ययोजना बनाई। पीडब्ल्यूडी साइड से बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी और सभी दुकानों को एक समान व्यवस्थित किया जाएगा।

विधायक इसके बाद नंदी चौक गंज पहुंचे और निरीक्षण कर निर्देश दिए कि यहां के पुराने स्कूल की खाली पड़ी भूमि पर फुटकर सब्जी एवं फल व्यापारियों को खाली पड़े मैदान में लाइनिंग कर स्थान दिया जाए। इस जगह पेविंग ब्लॉक का कार्य अंतिम चरण में है और बहुत शीघ्र लाइन मार्किंग कर दुकानों का अलॉटमेंट किया जाएगा। साथ ही जेएच कॉलेज से लगकर कॉलेज चौक तक अस्थाई दुकानदारों के लिए पेविंग ब्लॉक लगाकर व्यवस्थित दुकानें बनाई जाएंगी, जिससे ना तो अतिक्रमण बढ़ेगा और ना ही व्यवधान उत्पन्न होगा।

विधायक हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि बाहर से आकर कोई भी व्यक्ति अब अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण नहीं कर पाएगा। व्यापारियों को नगर विकास की इस ठोस योजना के अंतर्गत उनके नाम से व्यवस्थित स्थान मिलेगा, जिससे उन्हें सम्मान मिलेगा, शहर का सौंदर्य भी बढ़ेगा।

विधायक की इस ऐतिहासिक पहल के साथ ही गंज मंडी कॉम्प्लेक्स का समाधान होते ही अब अन्य व्यापारियों की भी वर्षों पुरानी नाराजगी दूर होने की राह प्रशस्त हो गई है। इस निरीक्षण और निर्णय प्रक्रिया में शहर के सैकड़ों व्यापारी भी विधायक के साथ मौजूद रहे और उन्होंने विधायक के इस प्रयास की खुले मन से सराहना की।

विधायक द्वारा बनाई गई यह कार्ययोजना बैतूल के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होती नजर आ रही है। शहर अब व्यवस्थित, संतुलित और विकासोन्मुख नजर आने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button