Honor Of The Teachers: गुरु पूर्णिमा पर गुरुओं के द्वार पहुंचा डागा फाउंडेशन

सैकड़ों सेवानिवृत्त शिक्षकों का शॉल श्रीफल से किया सम्मान

Betul News : बैतूल। गुरु की गरिमा के पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले की शैक्षणिक संस्था डागा फाउंडेशन ने प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गुरुओं के सम्मान में कोई कमी नहीं रखी। इस पावन पर्व पर बैतूल विधायक निलय डागा एवं उनकी धर्म पत्नी डागा फाउंडेशन की संचालक श्रीमती दीपाली निलय डागा ने सैकड़ों सेवानिवृत्त शिक्षकों के निज निवास पहुंचकर उन्हें  सम्मानित किया बल्कि उनके और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर कुशलक्षेम भी पूछी। डागा परिवार की अतुलनीय पहल अब परंपरा बन चुकी है। प्रत्येक गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जहां परिवार के सदस्य सेवानिवृत्त शिक्षकों के निवास पर उन्हें सम्मानित करते हैं तो वही शिक्षक दिवस पर भी शिक्षकों के सम्मान में वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है।

 भविष्य निर्माता का जीवन में प्रमुख स्थान

इस अवसर पर विधायक निलय डागा एवं डागा फाउंडेशन की संचालक श्रीमती दीपाली निलय डागा ने सभी शिक्षकों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्हें सम्मानित कर उनके हाल चाल भी पूछे। श्री डागा ने बताया कि शिक्षक का प्रत्येक नागरिक के जीवन में प्रमुख स्थान होता है। ये वही शिक्षक हैं जो हमें जीवन जीने का सही मार्गदर्शन दिखाकर एक निश्चित मुकाम तक पहुंचाने में हमारी मदद करते हैं। शिक्षकों के बताए मार्ग पर ही चलकर हमें अपना भविष्य सुरक्षित और सुनहरा बनाने के अवसर मिल पाता है। यही वजह है कि प्रत्येक गुरु पूर्णिमा के पर्व पर डागा परिवार द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है।श्रीमती डागा ने कहा अपने शिक्षकों के महान कार्यों के बराबर हम उन्हें कुछ भी नहीं लौटा सकते हालांकि, हम उन्हें सम्मान और धन्यवाद दे सकते हैं। हमें पूरे दिल से ये प्रतिज्ञा करनी चाहिये कि हम अपने शिक्षक का सम्मान करेंगे क्योंकि बिना शिक्षक के इस दुनिया में हम सभी अधूरे हैं।

सम्मान पाकर अभिभूत हुए गुरुजन

डागा फाउंडेशन परिवार जब गुरुजनों का सम्मान करने उनकी चौखट पर पहुंचा तो गुरुजनों की खुशी का ठिकाना नहीं था। गुरु जन सम्मान पाकर अभिभूत हुए। गुरुओं का कहना था कि, हमारे जन प्रतिनिधि निलय डागा और डागा फाउंडेशन की संचालक श्रीमती दीपाली डागा द्वारा प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजनों के घर पहुंचकर सम्मान करना फाउंडेशन का अनुकरणीय कार्य है, जो हम शिक्षकों के दिल को गहरा सुकून देता है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जब डागा फाउंडेशन परिवार उनका सम्मान करने घर पहुंचता है, तब हमें अपने भविष्य निर्माता होने पर गर्व महसूस होता है। गुरुजनों ने कहा कि फाउंडेशन द्वारा समाज के गरीब तबके के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उठाया गया नि:स्वार्थ कदम बेहद प्रशंसनीय है। इसके सफल परिणाम भी धरातल पर दिख रहे हैं। इस पावन पर्व पर समस्त सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षकाओं ने डागा फाउंडेशन परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button