हनुमान जन्मोत्सव के साथ शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा व रुद्र महायज्ञ महोत्सव 30 मार्च से।

हनुमान नगर में पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन, 2 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा..

बैतूल। श्री हनुमान मंदिर समिति हनुमान नगर (गर्ग कॉलोनी) द्वारा इस वर्ष भी श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन चैत्र शुक्ल द्वादशी से वैशाख कृष्ण प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 के अंतर्गत 30 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक संपन्न होगा। समिति के अनुसार पिछले लगभग 30 वर्षों से यहां श्री हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है और वर्ष 1998 से भव्य शोभायात्रा, मनमोहक झांकियों तथा अखाड़ों के प्रदर्शन के साथ आयोजन की परंपरा चली आ रही है।

इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव के साथ नर्मदेश्वर शिवलिंग, नंदी महाराज, भैरव बाबा और नाग देवता की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा भी की जाएगी। इसके साथ पंच दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ महोत्सव तथा माता महाकाली के भव्य दरबार का लोकार्पण भी किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक यज्ञ कर्म और पूजन कार्यक्रम होंगे।

कार्यक्रम के तहत 30 मार्च सोमवार को गणेश पूजन, मंडप प्रवेश, अग्नि स्थापन एवं पर्णकुटी जलाधिवास होगा। 31 मार्च मंगलवार को प्रातःकाल देव पूजन, यज्ञ कर्म और अन्नाधिवास आयोजित किया जाएगा। 1 अप्रैल बुधवार को देव पूजन, यज्ञ कर्म, फलाधिवास तथा पत्र पुष्पाधिवास होंगे। 2 अप्रैल गुरुवार को ब्रह्ममुहूर्त में श्री हनुमान जन्म आरती, देव पूजन, सहस्त्रधारा महाभिषेक और यज्ञ कर्म के साथ शाम 4 बजे आरती पूजन के बाद देवताओं का नगर भ्रमण तथा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और शय्याधिवास होगा। 3 अप्रैल शुक्रवार को देव पूजन, यज्ञ कर्म, मूर्ति न्यास, प्राण प्रतिष्ठा, यज्ञ पूर्णाहुति तथा विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालु भक्तों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर यज्ञ में भाग लेने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button