Land sold fraudulently: धोखाधड़ी कर बेच दी 3.75 एकड़ भूमि
पुरानी मालगुजारी भूमि का नंबर बदलकर जमीन बेचने का किया खुलासा

बैतूल। शाहपुर में मालगुजारी भूमि का नंबर बदलकर धोखाधड़ी कर जमीन बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले की शिकायत एसपी से की गई है। पटवारी पर मिली भगत के आरोप लगाया गया है।
ग्राम शाहपुर निवासी सुरेश मालवी ने एसपी से शिकायत कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग की है। उनका आरोप है कि भागरती बाई, इमरतलाल बेवा वल्द भैयालाल बाबूलाल की जमीन को धोखाधड़ी से बेच दिया गया है। यह जमीन वर्ष 1939 में भगवानदीन पटेल से खरीदी गई थी, जिसका नंबर 17 था। वर्ष 1981 की बाढ़ में इस जमीन के दस्तावेज खराब हो गए, लेकिन न्यायालय के आदेश और अन्य प्रमाण बताते हैं कि उक्त भूमि पर भागरती बाई का स्वामित्व था।
सुरेश मालवी का कहना है कि भागरती बाई ने वर्ष 1939 में भगवानदीन पटेल से यह जमीन खरीदी थी, जिसकी पुष्टि न्यायालय में शेख अब्दुल्ला और रामा द्वारा की गई है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि भागरती बाई इस भूमि पर मकान टेक्स और लगान भरती थीं।
आवेदक का आरोप है कि पटवारी चतुकर ने पैसे लेकर और अन्य पक्षों के साथ मिलीभगत कर इस जमीन का नंबर बदलकर 17/2 कर दिया। इसके बाद 3.75 एकड़ की जमीन को केवल 0.006 हेक्टेयर भूमि दिखा दिया गया। यह जमीन धोखाधड़ी से जरीना बानो यूनूस खान, श्याम राठी और बल्ला राठी को बेच दी गई।
सुरेश मालवी का यह भी कहना है कि उन्होंने वर्ष 2009 तक इस जमीन का नियमित रूप से लगान भरा है, लेकिन पटवारी चतुकर ने गलत जानकारी देकर उन्हें गुमराह किया। उन्होंने नक्शे और अन्य दस्तावेजों में हेरफेर कर आवेदक की 3.75 एकड़ भूमि को शास्त्री भूमि और गुरू साहब बाबा की जमीन बताकर बेच दिया।
आवेदक ने पूर्व में जनसुनवाई में भी इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सुरेश मालवी ने मांग की है कि इस जमीन की पूरी जांच की जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, और जमीन उन्हें वापस दिलाई जाए।




