देखें वीडियो: छह फीट लंबे सांप को पूंछ से पकड़ा तो उछलकर माथे पर काटा
असावधानी और प्रशिक्षित न होने के कारण बन आई जान पर

Snake Bite: बैतूल। सांप को पकड़ना एक शख्श के लिए उस समय जिंदगी को दांव पर लगाने के जोखिम का कारण बन गया जब पूंछ से पकड़ते ही सांप ने उछाल लगाई और उसे पकड़ने वाले के माथे पर दांत गड़ा दिए। यह घटना मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 3 जुलाई को सारणी के रेस्क्यू कालोनी में हुई।
कालोनी में निवास करने वाली निशा मगरदे के मकान में सोमवार दोपहर एक सांप नजर आया तो उनके द्वारा इसकी सूचना सांप पकड़ने वालों को दी। सूचना मिलने पर सारणी के संजय कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा तो पाया कि धामन प्रजाति का करीब छह फीट लंबा सांप घर में मौजूद है। संजय ने उसे पकड़ लिया और एक हाथ में खाली बोरी लेकर उसे उसमें कैद करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान सांप ने उछाल मारकर उसके माथे पर दांत गड़ा दिए जिससे उनके माथे से खून निकलने लगा। हालांकि इस हमले के बाद भी संजय ने हिम्मत नहीं हारी और सांप को बोरी में बंद कर लिया।
इसी दौरान सारणी से पहुंचे सर्प विशेषज्ञ आदिल खान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने संजय के पास से बोरी में बंद सांप को लेकर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। आदिल ने संजय एवं मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी कि बिना प्रशिक्षण के बगैर किट के सांप को पकड़ना जानलेवा साबित हाे सकता है। यदि संजय को धामन के अलावा अन्य किसी जहरीले सांप ने काट दिया होता तो उसकी जिंदगी खतरे में पड़ सकती थी।संजय को तत्काल ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा ताकि प्राथमिक उपचार किया जा सके।
आदिल खान बताया कि सांपों को पकड़ने का प्रशिक्षण न हो ओर उसके संबंध में जानकारी भी न हो तो किसी भी सांप को नहीं पकड़ना चाहिए। अब तक शहर में 22 से अधिक प्रजाति के सांपों को सुरक्षित ढंग से पकड़कर जंगल में छोड़ा गया है।आदिल ने बताया कि सांपो के बारे में अध्ययन करने के बावजूद वे बिना रेस्क्यू किट की मदद से ज़हरीले सांपों को नहीं पकड़ते हैं।
उन्होंने एक वर्ष पहले भी वन परिक्षेत्र अधिकारी सारणी को गलत तरीकों से सांपों काे पकड़ने वालों के संबंध में लिखित शिकायत दी थी परंतु वन विभाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया है। ऐसे में कभी गंभीर घटना भी घटित हो सकती है।उल्लेखनीय है कि बरसात के दिनों में सूखे स्थान की तलाश में सांप रहवासी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। इस बार जैसे ही वर्षा प्रारंभ हुई है वैसे ही बैतूल जिले में भी सांप निकलने लगे हैं।




