online fraud: फीस के नाम पर स्कूल संचालक से 54 हजार की ठगी का प्रयास

बैतूल। बैतूल बाजार में ऑनलाइन ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक स्कूल संचालक और शिक्षिका को निशाना बनाया गया। बैतूल बाजार स्थित डिवाइन इंग्लिश स्कूल के संचालक अजय पवार के पास एक फोन आया, जिसमें एक शख्स ने खुद को एक बच्ची का अभिभावक बताया और फीस ऑनलाइन जमा करने की बात कही। अजय पवार ने फीस जमा करने की सहमति दी, जिसके बाद उस व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप पर एक स्क्रीनशॉट भेजकर दावा किया कि गलती से 6 हजार रुपये की जगह 60 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं और उनसे 54 हजार रुपये वापस भेजने की मांग की।
अजय पवार ने अपना खाता चेक किया, पर उसमें कोई राशि नहीं आई थी और न ही वह नाम स्कूल में दर्ज था। ठग ने बार-बार फोन करके 54 हजार रुपये लौटाने का दबाव बनाना शुरू किया और यहां तक कि पुलिस में शिकायत करने की धमकी भी दे डाली। इससे शंका होने पर अजय पवार ने तत्काल बैतूल बाजार थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जब पुलिस ने ठग से बात की, तो उसने पुलिस को भी धमकी दी और फोन काट दिया।
इसी बीच, डिवाइन स्कूल की स्पोर्ट्स शिक्षिका प्रतीक्षा मालवीय को भी एक अन्य नंबर से कॉल आया, जिसमें ठग ने 150 रुपये गलती से उनके खाते में ट्रांसफर होने का दावा किया और पैसे वापस मांगने लगा। प्रतीक्षा ने बिना खाता चेक किए 150 रुपये वापस भेज दिए, जिसके कुछ देर बाद उनके खाते से 5 हजार रुपये और गायब हो गए। स्कूल संचालक और शिक्षक प्रकोष्ठ भाजपा के जिला संयोजक अजय पवार ने सभी ऑनलाइन लेनदेन करने वालों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और ठगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।




