नरवाई जलाने से खेतों में आग फैली, 11.3 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित।
4 हेक्टेयर फसल में से 1.6 हेक्टेयर जली, किसानों को भारी नुकसान। मौके पर पटवारी, कोटवार और ग्रामीणों ने किया निरीक्षण। आरोपी मौके से फरार, पंचनामा तैयार कर जांच शुरू।

बैतूल। शाहपुर तहसील के ग्राम टांगना माल पटवारी हल्का नंबर 14, राजस्व निरीक्षक मंडल बीजादेही में 28 अप्रैल को दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे नरवाई जलाने से बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। आग खेतों में तेजी से फैल गई, जिससे कई किसानों की फसल और कृषि सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर हल्का पटवारी, ग्राम कोटवार, प्रभावित कृषक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थल निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद ग्रामीण राजेश पिता अमरु से पूछताछ में सामने आया कि अनावेदक जीवन पिता इंदल ने खसरा नंबर 29 की 4.379 हेक्टेयर भूमि, जो बिस्ना पिता लाखु व अन्य के नाम दर्ज है, बटाई पर लेकर करीब 2 हेक्टेयर में गेहूं की खेती की थी। इसी दौरान उसने नरवाई जलाई, जिससे आग फैल गई।
स्थल निरीक्षण में पाया गया कि आग खसरा नंबर 21/3, 29, 17/1, 17/2, 17/3 और 17/4 सहित कुल लगभग 11.300 हेक्टेयर क्षेत्र में फैल गई। आग की चपेट में आकर मनीराम पिता बिहारी और सती बाई पति मनीराम के खेत में नरवाई प्रबंधन के बाद बोई गई 4 हेक्टेयर फसल में से करीब 1.600 हेक्टेयर फसल जलकर प्रभावित हो गई।
वहीं किसान कामजीलाल पिता बिहारी के खेत में रखे 75 पाइप और 5 ट्रॉली भूसा पूरी तरह जल गया, जिसकी अनुमानित कीमत 85 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा मनीराम और सती बाई के खेत में रखे 38 पाइप और 3 रोल पाइप भी आग में जलकर नष्ट हो गए, जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपए आंकी गई है।
बताया गया कि आग का प्रसार पास के नाले तक पहुंचा, जहां स्वतः बुझ गई, जिससे और बड़ा नुकसान टल गया। घटना के समय आरोपी जीवन पिता इंदल मौके पर मौजूद नहीं मिला और गांव में भी अनुपस्थित बताया गया।
मौके पर पंचनामा तैयार कर पढ़कर सुनाया गया, जिस पर दिनेश यादव, नरेश नागले, रामाधार यादव, मन्नू यादव, राजेश यादव, गणेश सहित अन्य ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




