बैतूल से बेंगलुरु की सीधी रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत
लालकुआ-बेंगलुरु विशेष ट्रेन अब साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित, 19 सितंबर से शुरू होगा संचालन

बैतूल समेत नागपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव; शुरुआती दौर में छह तारीखों पर नहीं चलेगी ट्रेन
बैतूल। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लालकुआ जंक्शन से केएसआर बेंगलुरु सिटी के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन को अब साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित कर दिया है। ट्रेन संख्या 15302/15301 का नियमित संचालन 19 सितंबर से शुरू होगा। ट्रेन का बैतूल स्टेशन पर महत्वपूर्ण ठहराव रहेगा।
ट्रेन संख्या 15302 लालकुआ-बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस 19 सितंबर से प्रत्येक शनिवार शाम 5:45 बजे लालकुआ जंक्शन से रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 2:30 बजे नागपुर पहुंचेगी और 2:35 बजे रवाना होगी। सोमवार दोपहर 3:25 बजे केएसआर बेंगलुरु सिटी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 15301 बेंगलुरु-लालकुआ साप्ताहिक एक्सप्रेस 22 सितंबर से प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:15 बजे बेंगलुरु से चलेगी। बुधवार सुबह 6:45 बजे नागपुर पहुंचेगी और 6:50 बजे रवाना होकर शुक्रवार सुबह 9:05 बजे लालकुआ पहुंचेगी।
नागपुर मंडल में ट्रेन का ठहराव बैतूल के अलावा नागपुर, चंद्रपुर और बल्लारशाह में रहेगा। ट्रेन इटारसी, बैतूल, नागपुर, विजयवाड़ा, रेणिगुंटा, काटपाड़ी, जोलारपेट्टई, बंगारपेट और कृष्णराजपुरम समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
शुरुआती चरण में लालकुआ से 26 सितंबर, 3 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को तथा बेंगलुरु से 29 सितंबर, 6 अक्टूबर और 13 अक्टूबर को ट्रेन का संचालन नहीं होगा। नियमित सेवा शुरू होने से बैतूल और आसपास के यात्रियों को दक्षिण भारत, विशेषकर बेंगलुरु के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।



