डीईओ पूनम वरकड़े ने सांदीपनि विद्यालय आमला में किया औचक निरीक्षण
मर्ज विद्यालयों की कक्षाएं शीघ्र शुरू कराने के दिए निर्देश, कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ कर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

बैतूल। जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े ने बुधवार 5 अगस्त को सांदीपनि विद्यालय आमला का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, खेल गतिविधियों और अधोसंरचना विकास का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया का अवलोकन किया, विद्यार्थियों के गृहकार्य और शैक्षणिक गतिविधियों की जांच की तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का टॉस कराकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उन्होंने विद्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य की प्रगति का भौतिक निरीक्षण भी किया। साथ ही सर्किल के मर्ज विद्यालयों के विद्यार्थियों की सांदीपनि विद्यालय में कक्षाओं का शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने के लिए संस्था प्राचार्य को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा विकासखंड स्रोत समन्वयक एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की शिफ्टिंग के संबंध में कार्यालय प्रमुख को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, खेल गतिविधियों और अधोसंरचना विकास की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।




