Congressmen burnt the effigy of minister Prahlad Patel in Padhar: पाढर में कांग्रेसियों ने मंत्री प्रह्लाद पटेल का फूंका पुतला
जनता को भिखारी कहने वाले मंत्री को बर्खास्त करने की मांग, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, जनता के अपमान पर कांग्रेस का पलटवार
बैतूल। मध्य प्रदेश के केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल द्वारा जनता को भिखारी कहे जाने के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस विवादित टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप ब्लॉक कांग्रेस पाढर के नेतृत्व में पाढर बाजार चौक में 6 मार्च को प्रह्लाद पटेल का पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री को जनता के अपमान का दोषी ठहराते हुए तत्काल निलंबन की मांग की और राज्यपाल के नाम ज्ञापन पुलिस चौकी पाढर को सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेसी एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष दीनदयाल मालवीय ने किया।
प्रदर्शन में जिला संगठन मंत्री स्पेंसर लाल, उपब्लॉक अध्यक्ष नीरज राठौर, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कवड़े, सरपंच अमित कुमरे, मनीष मालवीय, मुकेश मालवीय, कमलेश काकोडिया, संजू वट्टी, रामकिशोर, विवेक महोबिया, राजा गुप्ता, योगेंद्र गवांडे, विकास नौवड़े, अशोक सिरसाम, मनोहरी उइके, प्रवीण राठौर, राजू धुर्वे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के मतों से सरकार बनाने के बाद जनता को अपमानित करना भाजपाइयों की आदत बन गई है। उन्होंने मांग की कि प्रह्लाद पटेल को तत्काल मंत्री पद से हटाया जाए, अन्यथा कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।