Chicholi news: शिक्षा सत्र में फीस और पेनल्टी के नाम पर की जा रही नियम विरुद्ध गतिविधियाँ

महर्षि दयानंद स्कूल संचालक के खिलाफ पालक का आरोप

बैतूल। चिचोली के महर्षि दयानंद हायर सेकेंडरी स्कूल के संचालक अमित आर्य के खिलाफ पालक महेंद्र राठौर और रीमा राठौर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन फीस और पेनल्टी के नाम पर छात्रों से कोरे चेक लेकर दबाव बना रहा है। इसके साथ ही, प्रवेश पत्र के लिए प्रत्येक छात्र से 100 रू वसूलने के नियम विरुद्ध आरोप भी लगाए गए हैं।

— शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं–

महेंद्र राठौर का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर से की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उनके अनुसार, शिकायत के बाद से ही स्कूल संचालक अमित आर्य उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं और झूठे आरोप लगाकर समाज में बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

— पड़ोसी जिले हरदा में सख्त कार्रवाई–

महेंद्र राठौर ने यह भी बताया कि पड़ोसी जिले हरदा में हाल ही में एक स्कूल पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हरदा जिला प्रशासन ने शिक्षा सत्र में 10 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी के कारण स्कूल पर यह जुर्माना लगाया और विद्यार्थियों से ली गई अतिरिक्त फीस को वापस करने के निर्देश जारी किए हैं।

— चिचोली में जिला प्रशासन की उदासीनता–

महेंद्र राठौर ने आरोप लगाया कि चिचोली में निजी स्कूल संचालक अमित आर्य द्वारा भी फीस और पेनल्टी के नाम पर नियम विरुद्ध गतिविधियाँ की जा रही हैं, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनके अनुसार, स्कूल प्रबंधन की प्रताड़ना से वह और उनका परिवार बहुत परेशान है।

— तथ्यों और सबूत के साथ की थी स्कूल की शिकायत–

इस मामले में जिला प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठ रहे हैं। पालक महेंद्र राठौर का कहना है कि उन्होंने स्कूल संचालक के खिलाफ सभी तथ्यों के साथ दो बार जिला प्रशासन को शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। चिचोली के निजी स्कूलों में हो रही इन गतिविधियों पर जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि पालकों और छात्रों को न्याय मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button