Big News Today: बेल नदी की तेज धारा से दो बच्चों को बचा लाई बहादुर मां

Big News Today: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में तीज पर्व के मौके पर रविवार को खेड़ली बाजार स्थित बेल नदी घाट पर बड़ा हादसा टल गया। पूजन के दौरान दो मासूम बच्चे अचानक नदी की तेज धारा में बहने लगे। इस दौरान एक बच्चे की मां ने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगाई और अदम्य साहस दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद घाट पर मौजूद महिलाओं और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों के मुताबिक, तीज पर्व पर सुबह से ही नदी घाट पर पूजा-अर्चना करने महिलाओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी बीच ग्राम खेड़ली बाजार निवासी सुरेश बामने की पत्नी किरण अपने 9 वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ पहुंची थीं। दिव्यांश के साथ हरीश बामने का 4 वर्षीय बेटा यश भी घाट किनारे खेल रहा था। अचानक दोनों बच्चे फिसलकर गहरे पानी में बहने लगे।
देखें वीडियो
स्थिति को भांपते ही किरण बिना देर किए नदी में कूद गई और दोनों को पकड़ लिया। हालांकि इस दौरान वह खुद भी तेज धारा में डूबने लगी थीं, लेकिन मौके पर मौजूद महेश डांगे और अन्य ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर खींच लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के समय घाट पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। जबकि गांव में दो कोटवार पदस्थ हैं, लेकिन मौके पर एक भी मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि तीज जैसे त्योहारों पर जब बड़ी संख्या में महिलाएं नदी घाट पर जुटती हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी त्यौहारों पर बेल नदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और कोटवारों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों की जान जोखिम में न पड़े।




