politicle news:भाजपा समर्थित भूरेलाल बेठेकर लोकसभा चुनाव के सशक्त दावेदार
भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की

बैतूल। अमरावती पुलिस विभाग से सेवानिवृत हुए सहायक उप निरीक्षक एवं भाजपा समर्थित भूरेलाल बेठेकर ने बैतूल, हरदा, हरसूद लोकसभा क्षेत्र से सांसद प्रत्याशी होने के लिए दावेदारी की है। उल्लेखनीय है कि कोरकू जनजाति में जन्में भूरेलाल का शुरू से ही समाजकार्य में रूझान होने के कारण उन्होंने राजनीति में आने का निर्णय लिया है। भूरेलाल बेठेकर ने भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से आग्रह किया कि लोकसभा चुनाव में टिकट देने से संबंधित उनके प्रस्ताव पर जरूर विचार करें।
गौरतलब है कि भूरेलाल बेठेकर सेवानिवृत पुलिस कर्मचारी हैं और उनकी ग्रामीण क्षेत्र में काफी पकड़ है, जिले में कोरकू समाज भी बहुसंख्यक है। वहीं भूरेलाल भी कोरकू समाज के होने के चलते उन्हें इसका राजनीतिक लाभ मिल सकता है। उनका दावा है कि कोरकू समाज उनको सांसद के रूप में देखना चाहते हैं। हालांकि बैतूल, हरदा, हरसूद लोकसभा सीट से भाजपा का उम्मीदवार कौन बनेगा, यह तो बाद में पता चलेगा, लेकिन भूरेलाल खुद को उम्मीदवार बनना तय मान रहे हैं। ऐसे में लग रहा है कि भूरेलाल चुनौती बन सकते हैं। भूरेलाल कहते हैं कि अगर पार्टी यहां सर्वेक्षण करवा ले तो साफ तौर पर उनकी लोकप्रियता ज्यादा दिखेगी। वे खुद को जनता से सीधे जुड़ा समाजसेवी मानते हैं। जनता की आवाज उठाने के लिए उन्होंने कई बार संघर्ष किया है। उनके करीबियों का मानना है कि भूरेलाल बेठेकर को उम्मीदवार बनाने से पार्टी को फायदा हो सकता है। भूरेलाल बेठेकर चर्चित नाम है इनको हल्के में लेना सही नहीं होगा।





