भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिक अधिकारों को लेकर निकाली रैली।

विरोध दिवस पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन श्रम कानून, पेंशन और नियमितीकरण की मांग को लेकर दिया धरना ईपीएफओ, ईएसआईसी और ईपीएस-95 पेंशन बढ़ाने की मांग।

 

बैतूल। अखिल भारतीय अधिवेशन में पारित प्रस्ताव के समर्थन में भारतीय मजदूर संघ ने जिला मुख्यालय पर विरोध दिवस मनाते हुए जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडवीया और प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा गया। श्रमिकों के अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख विनय डोंगरे और जिला मंत्री पंजाब राव गायकवाड़ ने बताया कि अखिल भारतीय अधिवेशन में पारित प्रस्ताव के अनुरूप देशभर में विरोध दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर तथा सभी श्रमिकों के लिए श्रम कानून बिना किसी छूट के अंत्योदय की सच्ची भावना के साथ एक साथ लागू किए जाएं। ईपीएफओ अंशदान में वेतन सीमा बढ़ाई जाए, ईएसआईसी अंशदान की वेतन सीमा में वृद्धि की जाए, ईपीएस-95 पेंशन को बढ़ाकर 7500 रुपये प्रतिमाह किया जाए तथा 95 पेंशन भोगियों को आयुष्मान योजना का लाभ प्रदान किया जाए। इसके साथ ही कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों को नियमित करने और स्कीम वर्कर के तहत कार्यरत कर्मचारियों को कामगार के रूप में मान्यता देने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के कर्मचारियों की 46 बिंदुओं वाली मांगों का अलग से ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम सौंपा गया। इसमें आउटसोर्स, ठेका, संविदा, पैसा मोबिलाइज, किसान मित्र, दीदी, आंगनवाड़ी, आशा, उषा तथा राज्य के कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को शामिल किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से इन वर्गों की मांगें लंबित हैं, जिन्हें सरकार को प्राथमिकता के साथ पूरा करना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेश मंसूरिया, अध्यक्ष संपत दवाई, सह मंत्री डॉ गोविंद साहू, राकेश नामदेव, हरिओम कुशवाहा, के के भावसार, कमल जैन, लाखन चौधरी, सचिन राय, दिनेश भलावी, मीरा खातरकर, मीरा पंडोल, दीपक वर्मा, राकेश साबले, चंद्रभान पंडाग्रे, विजय यादव, अंकित सक्सेना, जगन भुजाडे, राहुल चाडोकर, वासुदेव घोड़की, धर्मराज झारबडे, प्रमोद सिंह, यासीन खान, रामनाथ यादव, राजू साहू, भीम धोते, संजय ठाकुर, चंचल पांसे, अतुल आर्य, बालकराम पटरे और विनोद भारती सहित भारतीय मजदूर संघ के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ज्ञापन में भारतीय मजदूर संघ के सभी अनुसांगिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button