राज्य स्तरीय राष्ट्रीय कला उत्सव में बैतूल के छात्र-छात्राएं करेंगे कलात्मक प्रदर्शन
म.प्र. जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान वाल्मी, भोपाल में होगा आयोजन

बैतूल। कलात्मक प्रतिभा को पहचानने, उसे पोषित करने और शिक्षा में कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 का आयोजन 24 एवं 25 अक्टूबर 2025 को म.प्र. जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान वाल्मी, भोपाल में आयोजित किया जा रहा है। जानकारी देते हुए प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले ने बताया कि कला उत्सव राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की प्रमुख अवधारणाओं के अनुरूप है, जो समग्र और व्यापक शिक्षा को बढ़ावा देने में इसके महत्व को दर्शाता है।
कला उत्सव हेतु इस वर्ष की विषयवस्तु विकसित भारत वर्ष 2047 के भारत की परिकल्पना है। यह स्कूलों में उत्सव की वह पहल है जो प्रत्येक वर्ष आयोजित हो रही है। भारत सरकार के कला उत्सव 2025-26 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्कूल स्तर, विकासखंड स्तर, जिला स्तर एवं संभाग स्तर पर कला उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें 12 कलाओं को सम्मिलित किया गया था।
प्रतियोगिता में संगीत गायन एकल शास्त्रीय, उपशास्त्रीय, समूह गायन लोकगीत, भक्तिगीत, देशभक्ति गीत, सुगम संगीत, संगीत वादन, तंत, सुषिर शास्त्रीय, उपशास्त्रीय, संगीत वादन समूह वाद्यवृंद लोक शास्त्रीय, संगीत वादन, ताल वाद्य, एकल नृत्य शास्त्रीय, समूह नृत्य लोक–जनजातीय, नाटक समूह लघुनाटिका, रोल प्ले, मिमिक्री, माइम, दृश्य कला एकल चित्रकला, चित्रकारी, मुद्रण, व्यंग्य चित्र, दृश्य कला एकल मूर्तिकला, दृश्य कला समूह स्थानीय शिल्प, पारंपरिक कहानी वाचन समूह आदि को शामिल किया गया।
संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं 24 एवं 25 अक्टूबर को राज्य स्तरीय राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 में प्रदर्शन करेंगे।
संभाग स्तर पर संगीत गायन एकल शास्त्रीय–उपशास्त्रीय में सतपुड़ा पब्लिक स्कूल, बैतूल से प्रथम स्थान आस्था श्रीवास्तव ने प्राप्त किया। समूह गायन लोकगीत, भक्तिगीत, देशभक्ति गीत, सुगम संगीत में आर.डी. पब्लिक स्कूल, बैतूल की माही, इशिता, भव्य परसाई, रजत यादव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह नृत्य लोक, जनजातीय में सांदीपनी विद्यालय, भैंसदेही की शबनम, श्रुतिका, टिंकल, दीक्षा नरवरे की टीम प्रथम रही। नाटक समूह लघुनाटिका, रोल प्ले–मिमिक्री, माइम में आर.डी. पब्लिक स्कूल, बैतूल के चित्रांश, सिद्धार्थ सिंह, हंषिका, दीपांशु की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
संगीत वादन–ताल वाद्य तबला में सतपुड़ा पब्लिक स्कूल, बैतूल के सर्वार्थ दुबे प्रथम रहे। संगीत वादन, सुषिर वाद्य में आर.डी. पब्लिक स्कूल, बैतूल के निखिल देशमुख प्रथम रहे। संगीत वादन समूह वाद्यवृंद लोक शास्त्रीय में आर.डी. पब्लिक स्कूल, बैतूल के कपिल परिहार, अंशिका, तन्मय, अक्षत मालवी का चयन किया गया है। यह सभी छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय राज्य स्तरीय कला उत्सव में नर्मदापुरम संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।




