Betul news: निर्धारित लक्ष्य से अधिक तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए प्रदेश का प्रथम जिला यूनियन बना दक्षिण बैतूल
तेंदूपत्ता संग्रहण में दक्षिण बैतूल जिला यूनियन की बड़ी उपलब्धि

बैतूल। जिला यूनियन दक्षिण बैतूल द्वारा 11361 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण कर लिया गया, जो कि निर्धारित लक्ष्य का 114 प्रतिशत है। इस प्रकार, जिला यूनियन दक्षिण बैतूल प्रदेश का प्रथम जिला यूनियन बन गया है जिसने 16 मई तक संघ कार्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत प्राप्त किया है। इस उपलब्धि ने न केवल स्थानीय समितियों की कार्यक्षमता को प्रदर्शित किया है बल्कि पूरे प्रदेश में एक नया मापदंड स्थापित किया है। जिला यूनियन दक्षिण बैतूल की इस सफलता से सहकारिता माध्यम से तेंदूपत्ता संग्रहण की नीति की प्रभावशीलता भी प्रमाणित होती है। उल्लेखनीय है कि जिला यूनियन दक्षिण बैतूल अंतर्गत 07 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियां संचालित होती हैं, जिनके अंतर्गत कुल 127 संग्रहण केन्द्र कार्यरत हैं। इनमें से 06 संग्रहण केन्द्र पेसा नियम 2022 के अंतर्गत आते हैं।
जिला यूनियन के प्रबंध संचालक विजयानन्तम टी.आर. (भा.व.से.) ने बताया कि तेंदूपत्ता सीजन 2024 हेतु संघ मुख्यालय द्वारा 9929 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिला यूनियन अंतर्गत समस्त समितियों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक तेंदूपत्ता संग्रहण किया है। भैसदेही परिक्षेत्र अंतर्गत चांदू समिति, ताप्ती परिक्षेत्र अंतर्गत झल्लार एवं जीन समिति ने निर्धारित लक्ष्य से 120 प्रतिशत तक तेंदूपत्ता संग्रहण किया है। पेसा नियम के अंतर्गत आने वाली 06 समितियों ने भी लक्ष्य से अधिक तेंदूपत्ता संग्रहण किया है। उन्होंने बताया मध्यप्रदेश शासन की नीति के अनुसार सहकारिता के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्रहण हेतु 16 अप्रैल 1990 को क्षेत्रीय वनमंडल दक्षिण बैतूल के कार्यक्षेत्र के आधार पर जिला यूनियन दक्षिण बैतूल का गठन किया गया था, जिसका पंजीयन कमांक 1233 है।




