Betul news: पटवारी ने रात में किया खड़ी फसल का सीमांकन

किसानों ने एसडीएम से की शिकायत


बैतूल। चिचोली तहसील के सिंगराईखापा ग्राम के कृषकगणों ने पटवारी हल्का नंबर 33 की पटवारी के खिलाफ एसडीएम से शिकायत की है। शिकायत के अनुसार, पटवारी ने बिना किसी पूर्व सूचना के रात के समय खड़ी फसल के दौरान मशीन द्वारा सीमांकन किया, जिससे किसानों की जमीन के रकबे में गड़बड़ी हो गई है। इस गलत सीमांकन से किसानों में आक्रोश है और उन्होंने इस मामले में एसडीएम से न्याय की मांग की है।
बिना पूर्व सूचना के रात में किया सीमांकन
शिकायतकर्ताओं जिल्लू पाटले, गन्नू धुर्वे, धन्नू धुर्वे, शांतिवन, और मंगलू धुर्वे ने बताया कि पटवारी प्रतिक्षा झाडे ने बिना किसी सूचना के 7 बजे रात में मशीन द्वारा सीमांकन किया। सीमांकन के दौरान पटवारी सीमांकन स्थल पर उपस्थित नहीं थीं बल्कि रमेश योगी के घर पर बैठकर चाय-नाश्ता कर रही थीं। सीमांकन के समय मौके पर उपस्थित न रहने से कई खेतों में जमीन का रकबा गलत निकाला गया है। कुछ किसानों की जमीन ज्यादा निकली है तो कुछ की कम, जिससे अब वे कब्जे की मांग कर रहे हैं।
सीमांकन में गड़बड़ी से किसानों को परेशानी
किसानों ने आरोप लगाया कि रात में खड़ी फसल के बीच गलत तरीके से किए गए सीमांकन से उनकी जमीन में असमानता पैदा हो गई है। जिससे किसानों में आपसी विवाद उत्पन्न हो रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह के गलत सीमांकन के कारण किसानों को भविष्य में जमीन से जुड़े विवादों का सामना करना पड़ सकता है।
तहसीलदार से भी की गई शिकायत
किसानों ने बताया कि उन्होंने तहसीलदार चिचोली को भी इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उनका कहना है कि गलत तरीके से किया गया यह सीमांकन पूरी तरह अनुचित है और इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। किसानों ने मांग की है कि सीमांकन फसल कटने के बाद राजस्व टीम गठित कर सही तरीके से किया जाए ताकि उनकी जमीन के रकबे का सही-सही निर्धारण हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button