भवानीपुरा के महाकाल स्टेट से नगर भ्रमण पर निकले भगवान महाकाल
धार्मिक नगरी बैतूल बाजार में निकली महाकाल की पालकी यात्रा में सैकड़ों महाकाल भक्त हुए शामिल

Betul News: बैतूल। धार्मिक नगरी बैतूल बाजार में श्रावण मास के आखिरी सोमवार को नगर में महाकाल की पालकी यात्रा बड़े ही धूम धाम के साथ निकाली गई। पालकी यात्रा में सैकड़ों महाकाल भक्त शामिल हुए। नगर के भवानी पुरा में स्थित महाकाल स्टेट काले मंदिर से दोपहर तीन बजे महाकाल की पालकी यात्रा निकाली गई।

यात्रा में भगवान महाकाल की मूर्ति पालकी में विराजित की गई। पालकी को महाकाल भक्त अपने कांधों पर लेकर चल रहे थे। पालकी यात्रा में महाकाल भक्त ढोलक मंजीरे और डमरू बजाते चल रहे थे।

पालकी यात्रा भवानी पुरा से पवार चौक, भट्टीपुरा, कालीजी चौक से होकर बाजार चौक पहुंची और यंहा से माता मंदिर सलाईपुरा होते हुए लोहार चौक से सिंह वाहिनी चौक पहुंची जंहा नगर परिषद अध्यक्ष दुर्गावती वर्मा ने महाकाल की पूजा अर्चना की। इसके बाद पालकी यात्रा चौकीपुरा से होकर महाकाल लोक पंहुची, जहां स्थापित महाकाल की पूजा अर्चना की गई। पालकी यात्रा महाकाल लोक से रवाना होते हुए सत्यनारायण मंदिर से बालाजीपुरम पहुंची।

समापन स्थल आरूल रास्ते पर स्थित अघोरेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की आरती के बाद भंडारा प्रसादी वितरित की गई। इस पालकी यात्रा में नगर के सैकड़ों महाकाल भक्त शामिल हुए। पालकी यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया, भक्तों के द्वारा चाय नास्ते की व्यवस्था की गई।




