चोपना में मंडल अध्यक्ष पद के लिए युवा बनाम अनुभव की जंग
सुरेश सेन को जनता का समर्थन, लेकिन उम्र बनी चुनौती

बैतूल। भाजपा के चोपना मंडल में संगठन चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। मंडल अध्यक्ष पद को लेकर विभिन्न दावेदारों के बीच रस्साकशी जारी है। वर्तमान अध्यक्ष विजय पाल ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है, वहीं उपाध्यक्ष बापी बाईंन ने भी अचानक मैदान में उतरकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। महामंत्री सुरेश सेन, जो पहले से ही मजबूत दावेदार माने जा रहे थे, एक बार फिर लोकप्रियता की दौड़ में सबसे आगे नजर आ रहे हैं।
इस बीच, नवयुवकों को तवज्जो देने की चर्चा ने दिनेश सिंह और विप्लव समाद्दार जैसे युवा उम्मीदवारों को भी चुनावी अखाड़े में ला दिया है। वरिष्ठ नेता चैतन्य राय भी दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन उम्र के कारण उनकी संभावनाएं सीमित दिखाई दे रही हैं।
जनता के बीच सुरेश सेन की छवि कर्तव्यनिष्ठ और भ्रष्टाचार मुक्त नेता की है। उन्होंने पिछले चुनाव में भी सर्वाधिक समर्थन हासिल किया था, लेकिन उम्र की बाधा के चलते अध्यक्ष नहीं बन पाए थे। पूर्व सरपंच और प्रशिक्षित स्वयंसेवक होने के कारण उनका सामाजिक और राजनीतिक कार्यों में विशेष योगदान रहा है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, हाल ही में सतना में आयोजित सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद गणेश सिंह और मंत्री प्रतिभा बागरी के मंच पर सुरेश सेन बैतूल जिले के दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए थे। यह कदम उन्हें चोपना वासियों के बीच और अधिक प्रिय बना गया है। चोपना में मंडल अध्यक्ष पद की इस रेस ने माहौल को गर्म कर दिया है। प्रदेश भर के कार्यकर्ता अब यह देख रहे हैं कि संगठन उम्र के बंधन में ढील देता है या नहीं। परिपक्व अनुभव बनाम युवा जोश के इस मुकाबले में अंततः भाजपा संगठन का फैसला क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।




