Betul news: 26 साल की सेवा के बाद भी गुरुजियों को न्याय का इंतजार
3600 रुपये मानदेय पर गुजारा कर रहे मध्यप्रदेश के गुरुजी

बैतूल। मध्यप्रदेश के शिक्षा गारंटी शालाओं में 1997 से 2003 के बीच नियुक्त किए गए करीब 500 गुरुजी आज भी अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ये गुरुजी, जिन्होंने 26 वर्षों तक लगातार सेवा दी, आज भी प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति और वरिष्ठता से वंचित हैं। राज्य सहायक अध्यापक गुरुजी संघ के जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल यादव ने बताया कि इन गुरुजियों का मासिक मानदेय मात्र 3600 रुपये है, जो अत्यंत ही शर्मनाक और उनकी मेहनत के साथ अन्यायपूर्ण है।
नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता देने की मांग को लेकर राज्य सहायक अध्यापक संघ ने मुख्यमंत्री के नाम चिचोली, भीमपुर और घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पुरानी पेंशन बहाली संघ के जिला अध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
मिट्ठू लाल यादव ने बताया कि फरवरी 2014 के बाद शैक्षणिक और व्यवसायिक योग्यता पूरी करने वाले गुरुजियों को प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति देने का आदेश अभी तक नहीं जारी किया गया है। इस संबंध में राज्य सहायक अध्यापक गुरुजी संघ ने कई बार निवेदन पत्र प्रस्तुत किए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
उन्होंने कहा कि जो गुरुजी 10 फरवरी 2014 तक शैक्षणिक और व्यवसायिक योग्यताएं पूरी कर चुके थे, उन्हें प्राथमिक शिक्षक बना दिया गया, लेकिन 2014 के बाद योग्य गुरुजी अब भी मुख्यधारा से बाहर हैं।
मिट्ठू लाल यादव ने बताया कि गुरुजी संघ ने इस मामले को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य मंत्रियों के संज्ञान में भी लाया। 21 जनवरी 2018 को तात्कालिक मुख्यमंत्री ने अध्यापक सम्मेलन में घोषणा की थी कि गुरुजियों को उनकी नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता दी जाएगी, लेकिन यह आदेश आज तक जारी नहीं हुआ।
इस मामले में करीब 100 से अधिक जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और विधायकों ने समर्थन पत्र दिया है। लेकिन फिर भी शासन ने गुरुजियों की मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
1997 से शिक्षा गारंटी शालाओं में नियुक्त हुए गुरुजी आज भी मात्र 3600 रुपये के मासिक मानदेय पर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। यह राशि उनके अनुभव और मेहनत के अनुरूप नहीं है। मिट्ठू लाल यादव ने बताया कि कई गुरुजी सेवा से निवृत्त हो चुके हैं, जबकि बाकी अब भी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
गौरतलब है कि शेष गुरुजियों को वरिष्ठता क्रम और प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति नहीं मिल पाने के कारण उनकी दशा अत्यंत दयनीय है। राज्य सहायक अध्यापक गुरुजी संघ ने शिक्षा मंत्री से भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा की थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। राज्य सहायक अध्यापक गुरुजी संघ के जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल यादव ने सरकार से निवेदन किया है कि फरवरी 2014 के बाद योग्य गुरुजियों को प्राथमिक शिक्षक बनाने और उनकी नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता देने का आदेश तुरंत जारी किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान पुरानी पेंशन बहाली संघ के के जिला अध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, नरेंद्र कुमार चिल्हाटे, विनोदी लाल सूर्यवंशी, अरुण कुमार सिमैया, संतोष कुमार मालवीय, भूरू सूर्यवंशी, अशोक खातरकर, हेमराज नागले, डी. आर. गवहाडे, राजू साहू, मिट्ठू लाल यादव, हंसराम, कलेश, अमरदास, श्रीमती सीमा यादव, तुलसी राम कानोड़िया, जीवनदान, गिरधारी लाल, अमरदास, सीमा यादव, तुलसी राम कानोड़िया, गोलमन उइके, मस्तराम यादव, श्रीमती अनीता, तुलसी राम यादव, मनोहर मालवीय, भामासिंग कुमरे, बद्री प्रसाद नंदा, तहसील घोड़ाडोंगरी में प्रतिनिधि मंडल सदस्य गंगा प्रसाद यादव जिला अध्यक्ष, प्रकाश राठौर, विनोद यादव, हेमराज बेले, नितेश राठोर,रामचरण गोहे उपस्थित थे।




