Murder Of Father : क्रिकेट के बल्ले से पिता के सिर पर वार कर बेटे ने मौत के घाट उतारा

Crime News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बेटे ने अपने पिता को खर्च के लिए पैसे न देने के कारण क्रिकेट के बल्ले से पीटकर मौत के घाट उतार दिया।यह ह्दयविदारक घटना बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम चिखलीकला की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार को चिखलीकला स्थित इंदिरा कालोनी में बुजुर्ग का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि ग्राम के हंसलाल तुमड़ाम 84 वर्ष के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या की गई है। पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की तो जानकारी मिली कि मृतक हंसलाल का उसके पुत्र रामकिशोर से विवाद हुआ था।
पुलिस ने शुक्रवार को रामकिशोर को पकड़कर पूछताछ की तो उसने पिता की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि खर्च के लिए पैसे मांगे तो हंसलाल द्वारा पैसे नहीं दिए। इससे गुस्से से उसने क्रिकेट के बेट से सिर पर गंभीर वार कर दिया। गंभीर चोट आने से हंसलाल की मौत हो गई। पुलिस ने पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।



