बोरवेल में बच्ची: ढाई साल की अस्मिता बोरवेल के गड्ढे में गिरी

MP News: बड़ी खबर: मध्यप्रदेश में बोरवेल के खुले गड्ढों में बच्चों के गिरने की घटनाओं के बाद भी सरकार ठोस कदम नहीं उठा पाई है। इसी का नतीजा है कि प्रदेश में मंगलवार को ढाई साल की बच्ची बोरवेल के खुले गड्ढे में गिर गई। अब प्रशासन के द्वारा रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
यह घटना मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में आने वाले ग्राम कजरी बरखेड़ा में घटित हुई है। बताया जा रहा है कि विदिशा के कजरी बरखेड़ा, ग्राम पंचायत कूजा जनपद सिरोंज की निवासी 2.5 वर्षीय बेटी अस्मिता अहिरवार पुत्री इंदरसिंह अहिरवार खेलते समय घर के पास बोरवेल में गड्ढे में गिर गई। सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रशासन के द्वारा बचाव का कार्य शुरू किया गया है।
देखें वीडियो
प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी से दूरभाष पर बचाव कार्य की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं।
बताया जा रहा है कि बच्ची करीब 15 फीट की गहराई पर फंसी हुई है। बुलडोजर की मदद से खुदाई का कार्य शुरू किया गया है। परिवार के लोग गड्ढे के भीतर पंखे की मदद से हवा पहुंचा रहे हैं।




