Cycle Distribution Scheme: बांसपानी हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क साइकिल

साइकिल पाकर खुशी से झूमे छात्र, अब पढ़ाई में आएगी गति


बैतूल। विकासखंड बैतूल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांसपानी में शुक्रवार को निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत बैतूल के उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे रहे, जबकि सरपंच सोनू उइके विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हंसराज धुर्वे ने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की समस्याओं को समझते हुए उन्हें निःशुल्क साइकिल प्रदान कर एक सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि पहले छात्र दूरस्थ अंचलों से पैदल स्कूल आने को मजबूर थे, लेकिन साइकिल मिलने से अब वे समय पर स्कूल पहुंच पा रहे हैं और नियमित रूप से पढ़ाई कर रहे हैं। इससे स्कूलों में उपस्थिति दर भी बढ़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नियमित रूप से स्कूल आएं और अच्छे परिणाम लाकर स्कूल का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में प्राचार्य नागेश पवार ने जानकारी दी कि कक्षा 6वीं के 9 छात्रों और 17 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल पाकर छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी है। मंच संचालन शिक्षक नागेश पवार ने किया, जबकि शिक्षक शिवराम धुर्वे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पाढर मंडल के पूर्व महामंत्री सोनू यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता भीमराव बामने, जनपद सदस्य अर्जुन धुर्वे, रामा मर्सकोले, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button