Marriage At The Station : बैतूल के रेलवे स्टेशन पर गूंजी शहनाईयां, इकलौती महिला कुली की शादी में जुटे शहरवासी

आरपीएफ, रेलवे स्टाफ सहित समाज के कई लोगों ने उठाई शादी की जिम्मेदारी

Marriage At The Station : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर जब शहनाईयों की गूंज सुनाई दी तो हर कोई हैरान रह गया। जब पता लगा कि हर दिन यात्रियों की मददगार बनकर उनका सामान उठाकर ट्रेन तक पहुंचाने और ट्रेन से उतारकर बाहर तक पहुंचाने में मदद करने वाली दुर्गा का विवाह है तो लोगों को बेहद खुशी हुई। बैतूल के रेलवे स्टेशन की एकमात्र महिला कुली की शादी में सांसद, विधायक ही नहीं बल्कि शहर के गणमान्यजन भी शामिल हुए और उसे सुखद दांपत्य जीवन की शुरूआत करने की बधाई दी।

बैतूल में इकलौती महिला दुर्गा बोरकर की शादी को लेकर मेहंदी और हल्दी की रस्म रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम संपन्न कराई गई। शादी बैतूल में कल्याण केंद्र में हुई। हल्दी मेहंदी के इस कार्यक्रम में सांसद दुर्गादास उइके शामिल हुए और उन्होंने भी दुर्गा को हल्दी लगाई। कार्यक्रम को लेकर रेलवे स्टाफ और आरपीएफ स्टाफ में उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में समाजसेवी महिलाएं भी शामिल हुई हल्दी और मेहंदी की रस्म अदा होने के बाद महिलाओं ने खुशी मनाते हुए नृत्य भी किया।

दरअसल दुर्गा के पिता मुन्नालाल बोरकर बैतूल रेलवे स्टेशन पर कुली के रूप में कार्यरत थे। जब उनका स्वास्थ्य खराब हो गया और वे काम करने में असमर्थ हो गए तब दुर्गा ने साहसिक निर्णय लिया और स्टेशन पर पिता के द्वारा किए जाने वाले कुली के काम को करने के लिए पिता का बिल्ला लेने का प्रयास शुरू किया। वर्ष 2011 में दुर्गा को बैतूल रेलवे स्टेशन पर कुली का काम करने के लिए पिता का बिल्ला मिल गया। इसके बाद से वह लगातार मेहनत से अपना काम कर परिवार का पालन पोषण कर रही है।

दुर्गा की जिंदगी में खुशहाली लाने के लिए सहयोगियों ने उसका विवाह कराने का निर्णय लिया। आठनेर के पास ग्राम जामठी के सुरेश भुमरकर से जब दुर्गा से विवाह करने का प्रस्ताव रखा तो वह तैयार हो गया। दुर्गा ने अपनी दिवंगत बड़ी बहन की बेटी को भी साथ में रखने की शर्त रख दी। इसे भी सुरेश ने स्वीकार कर लिया।

29 फरवरी को बैतूल रेलवे स्टेशन के कार्मिक भवन में विवाह संपन्न कराया गया। बुधवार रात्रि में मेंहदी और हल्दी की रस्म हुई जिसमें सांसद दुर्गादास उइके भी शामिल हुए। गुरुवार को विधायक हेमंत खंडेलवाल ने विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर नारी सशक्तीकरण का उदाहरण बनी दुर्गा को बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button