Illegal mining: माफियाओं की मनमर्जी वैध के नाम पर अवैध खनन, जहां चाहे वहां से निकाल रहे रेत

ठेका कम्पनी परम डिस्ट्रीब्यूटर्स के खिलाफ अवैध उत्खनन के आरोप

बैतूल। रेत माफियाओं की मर्जी के आगे प्रशासन भी नतमस्तक है। जहां चाहे वहां से अवैध रेत निकाल रहे हैं। दबंगई इतनी है कि गांव वालों और सरपंच संघ के विरोध का असर भी अधिकारियों पर नहीं हो रहा हैं। ठेकेदार और अधिकारी के गठजोड़ से चल रहे रेत के गोरखधंधे में जिले की नदियां छलनी हो रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस अवैध कारोबार का हिस्सा अधिकारियों तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के पहले ही अफसर खुद बता देते हैं कि आज रेत नहीं निकालनी है।

जिले में रेत के अवैध कारोबार का बड़ा गोरखधंधा है। फॉरेस्ट और राजस्व की जमीन का फायदा उठाकर जिले के रेत माफियाओं ने इस बार घोडाडोंगरी जनपद पंचायत के अलग-अलग क्षेत्रों को निशाना बनाया है। वैध खदान जिनमें रेत नाम मात्र की नहीं है, लेकिन इन खदानों की रॉयल्टी के नाम पर जहां-तहां अवैध उत्खनन हो रहा है। खापा पंचायत की मालवर रेत खदान से बड़े पैमाने पर अवैध रेत निकाली जा रही है। माफिया इस कदर हावी है कि खापा पंचायत की मालवर रेत खदान की अनुमति प्राप्त होने के पूर्व ही कम्पनी ने रेत खनन प्रारंभ कर दिया है। इस पूरे गोरखधंधे में स्थानीय अधिकारियों से लेकर खनिज निरीक्षकों की सीधी मिलीभगत है।

– रेत के कारोबार में ठेकेदार और अधिकारी की 50-50 की भागीदारी–

घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के सरपंच संघ ने गुरुवार को इस मामले की शिकायत कलेक्टर से की है। सरपंच संघ अध्यक्ष श्रीमती सहनवती कवड़े ने आरोप लगाया कि रेत ठेका कम्पनी परम डिस्ट्रीब्यूटर्स द्वारा वैध खदानों की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। रेत के गोरखधंधे में ठेकेदार और अधिकारी की 50-50 प्रतिशत की भागीदारी है। इसी हिस्सेदारी के दम पर रेत का अवैध कारोबार चल रहा है। ठेकेदार के गुर्गों द्वारा खुलेआम ग्रामीणों को धमकाया जाता है, लेकिन उसके बाद भी कोई आवाज नहीं उठाता। अफसर भी दबाव और अवैध कारोबार में हिस्सेदारी के चलते कार्रवाई नहीं करते हैं। बताया जा रहा है कि यहां से निकलने वाली अवैध रेत अव्वल दर्जें की है।

— शिकायत कर थक चुके ग्रामीण–

सरपंच संघ का कहना है कि खदान को लेकर पिछले दिनों मुख्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। ठेका कम्पनी परम डिस्ट्रीब्यूटर्स का खुला विरोध किया था। शिकायत के बाद भी अब तक अधिकारी यहां कार्रवाई करने नहीं पहुंचे हैं। रेत ठेका कम्पनी परम डिस्ट्रीब्यूटर्स द्वारा वैध खदानों की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है जिससे हमारे क्षेत्र के ग्रामों की सड़क पुल पुलिया और बिजली के खम्बो को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। रेत कम्पनी द्वारा अवैध खनन किये जाने से शासन को राजस्व की भी नुकसानी हो रही है। घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में सर्वाधिक रेत खदाने होने के बाद भी घोडाडोंगरी जनपद पंचायत के ग्रामो को खनिज मद का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

– पेसा कानून का किया जा रहा खुला उल्लंघन —

सरपंच संघ ने आरोप लगाया कि खापा पंचायत की मालवर रेत खदान की अनुमति प्राप्त होने के पूर्व ही कम्पनी ने रेत खनन प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि रेत ठेका कम्पनी और जिला कलेक्टर को 24 जनवरी 2024 को लिखित शिकायत कर ग्राम खापा के मालवर ग्राम से रेत खनन के पूर्व सड़क पुल, पुलिया मरम्मत की मांग की गई थी जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया है। रेत खान कम्पनी परम डिस्ट्रीब्यूटर्स द्वारा रेत खनन में पेसा कानून का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। मालवर रेत खनन से रेत खनन के पूर्व ग्रामीणों से आज दिनॉक तक कोई सलाह सहमति नही बनाई गई जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सरपंच संघ ने घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में रेत खनन पर तत्काल रोक लगाने और रेत ठेकेदार पर अवैध रेत भंडारण की कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button