Betul news:कला साधक संगम में मध्य भारत प्रान्त का प्रतिनिधित्व करेंगे 47 कार्यकर्ता
1 से 4 फरवरी तक बेंगलुरु में होगा अखिल भारतीय कला साधक संगम का आयोजन

बैतूल। संस्कार भारती द्वारा आगामी 1 से 4 फरवरी तक बेंगलुरु में अखिल भारतीय कला साधक संगम का आयोजन किया गया है। संस्कार भारती से मिली जानकारी के अनुसार इस कला साधक संगम में मध्य भारत प्रांत के 47 कार्यकर्ता प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें बैतूल जिले के 14 कार्यकर्ता भी शामिल रहेंगे। समस्त विषय पर होने वाले साधक संगम में विदेशी कला साधकों का भी प्रतिनिधित्व होने वाला है। इस कला साधक संगम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डॉ.मोहन राव भागवत पूरे समय उपस्थित रहेंगे तथा उनका मार्ग दर्शन प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि संस्कार भारती, अखिल भारतीय कला एवं साहित्य के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्था है। इसमें 8 विधायें है। संगीत, नृत्य, नाट्य, चित्रकला, साहित्य, प्राचीन कला, लोककला, भू-अलंकरण विधायें हैं। कला एवं साहित्य के माध्यम से संस्कार भारती हमारी विस्मृत परम्परायें, संस्कृति तथा स्व की अनुभूति करा रही है। आज भारतीय समाज दूसरी संस्कृतियों का ज्ञान तो रखता है परन्तु अपनी संस्कृति के बारे में बहुत कम जानकारी रखता है, जिसके कारण समाज निरुत्तर हो जाता है यह हमारी बड़ी कमजोरी है तथा देश में कुछ लोग ऐसे भी है जो फिल्मों के माध्यम से, साहित्य के माध्यम से,मीडिया के माध्यम से संस्कृति विरोधी या घोर आपत्तिजनक सामग्री समाज के सामने परोसते है जिससे युवा पीढ़ी भटक जाती है, समाज में विभेद पैदा होते है, तथा भारत की छवि खराब होती है। इसे रोकना ही संस्कार भारती का उद्देश्य है।




