Shri Ram : 13 घंटे में 13 करोड़ श्री राम नाम जाप के पूर्व कलश शोभायात्रा में उमड़े भक्त

Betul News : 25 जनवरी 2024 को प्रभु श्री राम जी के चरणों में 13 घण्टे में 13 करोड़ संगीतमय राम नाम जाप का आयोजन बैतूलबाजार में किया जा रहा है। इस आयोजन के एक दिन पूर्व नगर में कलश शोभायात्रा निकाली गई। श्री राम मंदिर से प्रारंभ की गई कलश शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़े पर ध्वज थामकर रामभक्त सवार थे। इसके पीछे बैंड और डीजे की धुन पर श्री राम की धुन बजाई जा रही थी। बड़ी संख्या में महिलाओं और कन्याओं के द्वारा अपने सिर पर कलश रखकर रामनाम का जाप किया जा रहा था।

शोभायात्रा बड़ा श्री कृष्ण मंदिर होते हुए माता मंदिर, बाजार चौक पर पहुंची। शोभायात्रा में शामिल भक्तों का हर घर के सामने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जा रहा था वहीं भक्तों के पेयजल और स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी।शोभायात्रा में रथ पर श्री मोहन महाराज सवार थे और उसके पीछे श्री राम की प्रतिमाओं की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। बाजार चौक में जमकर आतिशबाजी की गई। इसके बाद शोभायात्रा चौकीपुरा पहुंची जहां पर पुष्पवर्षा की गई और सभी भक्ताें को पेयजल का वितरण किया गया। शोभायात्रा सिंहवाहिनी चौक से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर समाप्त हुई।

मोहन जी महाराज के सानिध्य में बैतूलबाजार के सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन परिसर में होने वाले श्री राम नाम जप महायज्ञ का शुभारंभ सुबह आठ बजे से किया जाएगा। लगातार 13 घंटे तक भक्तों के द्वारा श्रीराम नाम का जाप किया जाएगा। इस मौके पर भंडारा भी आयोजित किया जाएगा जिसमें भक्तों को प्रसादी का वितरण होगा। कार्यक्रम स्थल पर श्री राम नाम का जाप करने के लिए आने वाले भक्तों के लिए जन सहयोग से व्यवस्था की गई है। जिले के लोगों द्वारा भी इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button