Shri Ram Mandir: देखें कहां बनाई गई 2500 दीपक जलाकर श्री राम मंदिर की आकृति

Shri Ram Mandir: बैतूल। अयोध्या में राम मंदिर में होने वाली भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर भक्तों के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हर कोई प्रभु की भक्ति करने के लिए आतुर हो गया है। नगर पालिका प्रशासन की ओर से रविवार शाम को शिवाजी आडिटोरियम में श्री राम मंदिर की आकृति बनाकर उसे 2500 दीपक से सजाया गया।इस दौरान बड़ी संख्या में राम भक्त दीपक प्रत्वलित करने के लिए उमड़े।

22 जनवरी को अयोध्या धाम में होने जा रहे श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बैतूल जिले के सभी मंदिरों में लाईव प्रसारण किया जाएगा। जिले भर के मंदिरों की साज-सज्जा की गई है। भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में सभी मंदिरों में हवन-पूजन तथा भंडारे का आयोजन होगा।

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर जिला एवं विकासखंड स्तर पर विभिन्न भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। मंदिरों में प्रतिदिन आरती के साथ-साथ श्रीराम नाम की धूम और दीपावली जैसा माहौल है। श्रद्धालु मंदिरों में जाकर दीपक जला रहे है और उत्सव मना रहे है। आमला विकासखंड में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर में एलईडी लगाकर अयोध्या में होने वाले कार्यक्रमों का लाईव दर्शन कराया जायेगा।
भैंसदेही में निकलेगी प्रभात फेरी
भैेंसदेही नगर में स्थित शिव मंदिर में 22 जनवरी को कीर्तन मंडल द्वारा भजन-कीर्तन तथा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह रैली नगर के प्रमुख मोर्गों से होते हुए वापिस मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाईव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा पवित्र नगरी मुलताई में ताप्ती सरोवर के आस-पास लाईटिंग की गई है। मंदिर परिसर में एलईडी के माध्यम से अयोध्या में श्रीराम प्राण-प्रतिष्ठा का लाईव प्रसारण किया जाएगा।




