बड़ा हादसा: घर में बने पानी के टैंक में मिले मां-बेटे के शव
MP News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घर में बनाए गए पानी के टैंक में डेढ़ वर्षीय पुत्र के साथ मां का शव पड़ा मिला है। आशंका जताई जा रही है कि टैंक में बच्चे के गिरने के बाद मां उसे बचाने के लिए उतर गई होगी और उसकी भी डूबने से मौत हो गई होगी। फिलहाल पुलिस के द्वारा जांच की जा रही है जिससे घटना की हकीकत सामने आ जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैतूल जिले की मुलताई तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम रिधाेरा में घर में बने पानी के टैंक में महिला एवं उसके डेढ़ वर्ष के पुत्र के शव मिले हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। ग्राम के कमलेश पवार सोमवार सुबह खेत चले गए थे तथा घर में उनकी पत्नी पूनम पंवार 25 वर्ष तथा डेढ़ वर्षीय पुत्र भाविक पंवार थे। शाम को जब वह घर पहुंचे तो पत्नी एवं बच्चा कहीं नजर नहीं आए। उन्होंने आस पड़ोस में पूछा लेकिन कहीं नही मिले।
इसके बाद जब पानी के टैंक में देखा तो उनके होश उड़ गए। टैंक में पत्नी एवं बच्चे के शव पड़े हुए थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इधर घटना के संबंध में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद खेलते खेलते बच्चा पानी से भरे टैंक में गिरा होगा जिस बचाने के लिए मां भी टैंक में उतरी होगी लेकिन निकल नही सकी।




