Exit Poll 2023 Live Updates : बैतूल सीट पर भाजपा की वापसी का दावा
बैतूल जिले के सांध्य दैनिक सांझवीर टाइम्स के द्वारा कराए गए एक्जिट पोल में भाजपा की जीत के आसार

Exit poll 2023 live updates : बैतूल। मध्य प्रदेश की बैतूल विधानसभा सीट को सबसे हाट सीट माना जा रहा है। यहां पर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रबंधन से लेकर जनता के बीच पहुंचने तक पूरी योजनाबद्ध तरीके से जीत हासिल करने के लिए अपना पूरा दम लगाया है। बेहद हाईटेक तरीके से चुनाव लड़ने के बाद अब सभी की निगाहें परिणाम पर टिक गई हैं।
बैतूल जिले के प्रमुख सांध्य दैनिक सांझवीर टाइम्स के द्वारा बैतूल विधानसभा सीट के लिए कराए गए एक्जिट पोल में भाजपा की वापसी का दावा किया जा रहा है। यदि एक्जिट पोल के माध्यम से हर पोलिंग बूथ के मतदाताओं के मन की बात जानने का प्रयास सफल हुआ होगा तो तीन दिसंबर को नतीजे भी इसी के अनुरूप आएंगे। बैतूल जिले के प्रमुख सांध्य दैनिक सांझवीर टाइम्स के एक्जिट पोल में भाजपा प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल को 51 फीसद वोट मिलने का आंकलन किया गया है वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी निलय डागा को 44.3 फीसद वोट मिलने का दावा हो रहा है।
बैतूल शहर में फिर भाजपा का दबदबा
सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल में बैतूल शहर में भाजपा को लगभग 55.5 प्रतिशत तो कांग्रेस को 44.6 प्रतिशत वोट मिलने के अनुमान है। यदि शहर में हार-जीत की बात करें तो भाजपा यहां से लगभग 6 से 7 हजार वोटों से आगे रह सकती है।
बैतूलबाजार में कांग्रेस ने लगाई सेंध
बैतूलबाजार वैसे तो भाजपा का गढ़ कहा जाता है, लेकिन इस मर्तबा यहां से निकली चर्चा जिला मुख्यालय पहुंची है। इन चर्चाओं पर यकीन करें तो कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने भाजपा के किले में सेंधमारी कर दी है। सांझवीर के एग्जिट पोल में भाजपा को 55.2 प्रतिशत तो कांग्रेस को 45 प्रतिशत वोट मिलने के आसार है। कुछ महीने पहले ही हुए निकाय चुनाव में बैतूलबाजार में भाजपा ने 15 में से 12 वार्डों में जीत हासिल की थी जिससे भाजपा के नेताओं का अनुमान है कि हर वार्ड में भारी लीड मिलेगी लेकिन सांझवीर के एग्जिट पोल में जो स्थिति सामने आ रही है उससे बैतूलबाजार में भाजपा अपना जनाधार खाे रही है।
आठनेर में करीबी मुकाबले में भाजपा आगे
सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल के अनुसार आठनेर नगर परिषद के पंद्रह वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच काफी करीबी मुकाबला है। नगर परिषद के 15 वार्डों में इस समय नौ पार्षद भाजपा और छह कांग्रेस के मौजूद है। नगर परिषद के बीते चुनाव में यहां भाजपा ने बाजी मारी थी, लेकिन कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में मुकाबला बराबरी पर ला दिया है। एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा आठनेर से करीब 200 से 400 मतों तक आगे रह सकती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में करीबी मुकाबला
सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के बीच काफी करीबी मुकाबला है, लेकिन विधानसभा के सभी गांवों में पहुंची सांझवीर टाईम्स की टीम के आंकलन पर यकीन करें तो इन क्षेत्रों से भी भाजपा आगे रह सकती है। कांग्रेस कुछ अंचलों में आगे है, लेकिन कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां भाजपा ने कांग्रेस के वोट बैंक पर सेंधमारी कर बढ़त हासिल करी है।
भाजपा जिन क्षेत्रों में आगे रह सकती है, इनमें बैतूल से खेड़ीसांवलीगढ़ के आगे तक, बैतूल से खंडारा मार्ग, बैतूल से कोसमी होते हुए गढ़ा, कुम्हली, जीन, बैतूल से सोनाघाटी, कढ़ाई और आसपास के गांव, बैतूल से मलकापुर किला खंडारा, बुंडाला के आसपास, आठनेर क्षेत्र के मूसाखेड़ी, निरगुड़, पुसली, मांडवी, बैतूल से बडोरा होते बारव्हीं शामिल हैं। जबकि कांग्रेस भवानी तेड़ा से कोलगांव मार्ग पर, बैतूल से सीवनपाठ, सातनेर, हीवरा, सावंगी क्षेत्र, बैतूल से सांईखंडारा, जैतापुर से लेकर नाहिया तक मजबूत रहने के आसार है।
कर्मचारियों पर कांग्रेस पर भरोसा बरकरार
सांझवीर के एग्जिट पोल में चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बैतूल विधानसभा में लगभग 2600 कर्मचारियों ने बैलेट पेपर से मतदान किया है। हमने कर्मचारियों से भी गुप्त रूप से अपनी राय लेकर एग्जिट पोल में शामिल कराया। बैतूल विधानसभा से लगभग 60 प्रतिशत कर्मचारियों ने कांग्रेस को वोट देकर भरोसा जताया है। यदि भाजपा की बात करें तो महज 34 प्रतिशत कर्मचारियों ने वोट दिया है। जबकि 4.1 प्रतिशत वोट निर्दलीय और 1.8 प्रतिशत वोट जयस के प्रत्याशी को मिल सकते हैं। यानी इस बार भी कांग्रेस पर कर्मचारियों ने अधिक भरोसा जताया है।
- साभार: सांध्य दैनिक सांझवीर टाइम्स बैतूल।




