PM News : बैतूल ही नहीं पांढुरना, हरदा और नर्मदापुरम के मतदाताओं को भी साधेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
बैतूल के ग्राम साकादेही में प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर रखी जा रही नजर

BJP NEWS : बैतूल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी कोई कोर कसर बाकी नहीं रख रहे हैं। महाकोशल से सटे बैतूल जिले के साथ ही नर्मदापुरम और हरदा जिले के मतदाताओं को अपना संदेश देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी 14 नवंबर को बैतूल के साकादेही में सुबह 11 बजे जन सभा को संबोधित करने के लिए आ रहे हैं।

भाजपा ने बैतूल की पांच और नव गठित पांढुरना जिले की एक विधानसभा सीट के प्रत्याशियों और आम मतदाताओं को सभा में शामिल करने की तैयारी की है। भाजपा के जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की सभा में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। संगठन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।हर बूथ से लोग सभा में पहुंच सकें इसके लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई है। प्रधानमंत्री माेदी सुबह 11 बजे साकादेही में सभा स्थल पर पहुंच जाएंगे।

प्रशासनिक स्तर पर तैयारी पूरी:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी सभा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी के द्वारा हेलीपेड और सभा स्थल की पूरी व्यवस्था अपने हाथों में ले ली है। सभा स्थल पर मंच के सामने सुरक्षा का मजबूत घेरा बनाया गया है। इसके साथ ही हेलीपेड और सभा स्थल के आसपास के पूरे हिस्से में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। सोमवार को डाग स्क्वाड और पुलिस के आला अधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर 11 बजे साकादेही पहुंच जाएगा और सभा के बाद वे दोपहर 12 बजे तक वापस भी जाएंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तीन हजार से अधिक पुलिस, होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है।

बैतूल-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम साकादेही की ओर जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह बेरीकेड्स लगा दिए गए हैं। हेलीपेड के आसपास के करीब एक किमी के हिस्से को पुलिस सुरक्षा के घेरे में कैद कर लिया गया है। सड़क के दोनों और और आसपास के खेतों में भी पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया गया है। सोमवार से ही सुरक्षा में जवान तैनात किए गए हैं। हेलीपेड पर हेलीकाप्टर को उतारने का ट्रायल भी ले लिया गया है।

पूरी जांच के बाद प्रवेश:
एसपीजी के द्वारा मीडिया के अलावा नेताओं को भी पूरी जांच के बाद सभा स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।सुरक्षा में कोई कमी न रह पाए इसके लिए साकादेही गांव को जोड़ने वाली पूरी सड़क पर पुलिसकर्मी तैनात रहकर हर आने-जाने वाले पर नजर रख रहे हैं। खेतों के आसपास बेरीकेड्स लगा दिए गए हैं ताकि कोई भी वहां से सभा स्थल की ओर नहीं आ सके।




