Weather News: बैतूल समेत मध्यप्रदेश के 90 प्रतिशत हिस्से से हुई मानसून की विदाई

मौसम केंद्र भोपाल के द्वारा अधिकृत रूप से मानसून की विदाई की घोषणा कर दी

 

Weather News: पूरे प्रदेश को तरबतर करने के बाद अक्टूबर माह के पहले ही हफ्ते में मानसून की विदाई हो गई है। शुक्रवार को भोपाल मौसम केंद्र के द्वारा बैतूल समेत मध्यप्रदेश के 90 प्रतिशत हिस्से से हुई मानसून की विदाई की अधिकृत घोषणा कर दी है। प्रदेश में वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, इस वजह से वर्षा का सिलसिला लगभग थम गया है। आने वाले दो दिन में प्रदेश के शेष हिस्सों से मानसून के वापस जाने की भी संभावना है।

शुक्रवार को मानसून की भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम समेत 24 जिलों से भी विदाई हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अभी तक चंबल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर संभाग के जिलों से एवं रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के अधिकांश हिस्सों से भी मानसून विदा हो चुका है। वातावरण से नमी कम होने के कारण मौसम शुष्क होने लगा है। इस वजह से दिन में धूप तेज होने लगी है। प्रदेश में हवाओं का रुख उत्तरी होने से रात के समय ठंड का एहसास होने लगा है जो आने वाले दिनों में बढ़ेगा।

भोपाल के मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मानसून प्रदेश के टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, कटनी, जबलपुर, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, नर्मदापुरम, हरदा, रायसेन, विदिशा, भोपाल, सीहोर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी और अलीराजपुर जिलों से विदाई ले चुका है। दक्षिण झारखंड के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के असर के कारण रीवा, शहडोल संभाग के जिलों में हल्की वर्षा हुई है। कम दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम बंगाल के आसपास पहुंच गया है। इस वजह से अब नमी आने का सिलसिला कम हो गया है, जिसके चलते वर्षा का दौर भी थम गया है।

वातावरण से नमी कम होने के कारण मौसम शुष्क होने लगा है। आसमान साफ होने के कारण सुबह से ही धूप निकलने लगी है। दिन में तापमान बढ़ने से धूप में चुभन महसूस हो रही है। उधर हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से शाम ढलते ही गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। उत्तरी हवा के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट भी हो रही है।सामान्य तौर पर बैतूल जिले में अक्टूबर के महीने से ही हल्की ठंड प्रारंभ हो जाती है। इस बार भी मानसून की विदाई के साथ ठंड ने दस्तक दे दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button